नई दिल्ली। झारखंड सरकार में मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में भाजपा व आप पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां महिलाओं के संबंध में वादे तो करती हैं, लेकिन पूरे नहीं करतीं। इसके उदाहरण महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, पंजाब और दिल्ली में मिल रहे हैं, जबकि कांग्रेस ने जो भी वादा किया उसे हर हाल में पूरा किया। इसकी बानगी कर्नाटक, हिमाचल, झारखंड और तेलंगाना में देखी जा सकती है।
उन्होंने भाजपा की केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह प्रदेश कांग्रेस की प्यारी दीदी योजना की तरह महिलाओं को प्रति महीने ढाई हजार रुपये देने की योजना देशभर में शुरू करे। दिल्ली में केजरीवाल ने 11 वर्षों में महिलाओं के लिए ठोस कदम नहीं उठाए। चुनाव के मद्देनजर 2100 रुपये देने की घोषणा की गई है, लेकिन पंजाब में 1000 रुपये देने का वादा अब तक पूरा नहीं किया है। अपराध, प्रदूषण, टूटी सड़कों और गंदगी से दिल्ली जूझ रही है, जबकि केजरीवाल सरकार ने यमुना को प्रदूषित होने से रोकने के वादे पूरे नहीं किए। उन्होंने शीला दीक्षित सरकार की लाडली योजना को याद करते हुए कहा कि बेटियों को 36,000 रुपये जन्म के समय और 12वीं कक्षा पास करने पर एक लाख रुपये तक दिए जाते थे। केजरीवाल सरकार ने इस योजना के बजट को घटाकर केवल 42.95 करोड़ रुपये तक सीमित कर दिया।