दिल्ती में तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई, दो युवकों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पश्चिम दिल्ली के विकासपुरी इलाके में शनिवार रात सड़क हादसे में बाइक पर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा विकासपुरी एलिवेटेड रोड पर तेज रफ्तार बाइक के डिवाइडर से टकराने से हुआ। घटनास्थल पर टूटा हुआ एक हेलमेट मिला है।
दुर्घटना के समय दोनों युवकों ने हेलमेट लगाया था नहीं इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त दीपक पुरोहित ने बताया कि रात करीब 9.24 बजे सूचना मिली कि विकासपुरी फ्लाईओवर पर जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट सेंटर की ओर जाते हुए एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा कैट्स एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों युवक लहूलुहान हालत में मृत पड़े थे। इनकी शिनाख्त गुलशन (23) और सन्नी (24) के रूप में हुई। जांच के दौरान पता चला कि गुलशन और सन्नी दोस्त थे। हादसे के समय वह किसी से मिलकर घर लौट रहे थे।
दोनों हस्तसाल विहार, उत्तमनगर में रहते थे। गुलशन के परिवार में पिता धर्मवीर व अन्य सदस्य हैं जबकि सन्नी के परिवार में पिता मुकेश व अन्य सदस्य हैं। पुलिस मामला दर्ज कर हादसों की वजहों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक की रफ्तार बहुत तेज थी। फ्लाईओवर से नीचे उतरते समय अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ा और वह डिवाइडर से टकरा गई।
मर्सिडीज कार ने दस माह की बच्ची को कुचला
एक अन्य घटना में तिलक नगर इलाके में रविवार शाम बैक करने के दौरान मर्सिडीज कार ने दस माह की बच्ची को कुचल दिया। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कार को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जिला पुलिस उपायुक्त दीपक पुरोहित ने बताया कि रविवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि तिलक नगर के मुखर्जी पार्क इलाके में मर्सिडीज कार से कुचलकर एक बच्ची की मौत हो गई है।
बच्ची की पहचान राधिका के रूप में हुई है। जिस मकान के पास बच्ची हादसे की शिकार हुई वहां उसका पिता राकेश गार्ड का काम करता है। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि घटना के समय बच्ची मकान के पार्किंग एरिया में खेल रही थी।
इसी दौरान ड्राइवर कार को बैक करने लगा और बच्ची कार के पिछले पहिए के नीचे दब गई। लोगों के शोर मचाने पर चालक ने कार रोकी। तब तक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक अखिलेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि कार जसवीर सिंह नाम के व्यक्ति की है।