अहरौला। क्षेत्र के हासामतलूबपुर स्थित साधन सहकारी समिति पर मंगलवार को डीएपी खाद लेने पहुंचे किसानों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। समिति पर दूसरी बार 400 बोरी डीएपी पहुंचने के बाद तीन दिन से किसानों की भीड़ उमड़ रही है। किसानों का आरोप है कि समिति पर डीएपी वितरण में मनमानी की जा रही है, पहुंच वाले किसानों को मनमाफिक बोरी दी जा रही है, जबकि छोटे किसानों को दो दिन से दौड़ाया जा रहा है। किसानों ने शिकायत की है कि प्रति बोरी 1380 रुपये वसूले जा रहा है।
बाकरकोल के किसान उमेश सिंह ने बताया कि वे साधन सहकारी समिति के सदस्य हैं, उनके परिवार के तीन अन्य सदस्य भी मेंबर हैं। बावजूद इसके उन्हें दो दिनों से डीएपी नहीं मिल पाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर केंद्र प्रभारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इसी तरह किसान बिरजानंद तिवारी ने भी डीएपी वितरण में गड़बड़ी की शिकायत की है। उन्होंने कहा कि समिति पर पारदर्शिता के बजाय मनमानी हावी है। इस संबंध में एडीओ कोऑपरेटिव विजय बहादुर सिंह यादव ने बताया कि डीएपी की कीमत सरकार ने निर्धारित की गई है, और समिति को उसी दर पर बेचना अनिवार्य है। अनियमितता की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।