माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-126 पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वर्ष 2022 से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान फतेहपुर निवासी सुरेश (52) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे कालिंदी कुंज रोड स्थित ओखला बर्ड सेंचुरी मेट्रो स्टेशन के पीछे फुटओवर ब्रिज के पास से दबोचा। पुलिस के मुताबिक, सुरेश के खिलाफ सेक्टर-20 थाने में वर्ष 2022 में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम मैनुअल इंटेलिजेंस, गोपनीय सूचना और सर्विलांस की मदद से तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को उसके ठिकाने के बारे में जानकारी मिली, जिसके आधार पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी संजय पहाड़िया के संगठित गिरोह का सक्रिय सदस्य था। गिरोह के सदस्य पहले रेकी कर ऐसे मकान और प्रतिष्ठान चिह्नित करते थे, जहां चोरी करना आसान हो। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया जाता था। ताला तोड़ने और परिसर में प्रवेश के लिए ड्रिल मशीन, छैनी, पेचकस, हथौड़ी और लोहे की आरी जैसे औजारों का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस के अनुसार, गिरोह चोरी की घटनाओं में एक्सयूवी-500 वाहन का भी इस्तेमाल करता था। चोरी का सामान बेचकर मिली रकम सदस्यों में बांटी जाती थी। सुरेश के कब्जे से पूर्व में चोरी का सामान, बिक्री से मिली नकदी और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद हो चुका है। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि सुरेश के खिलाफ नोएडा के सेक्टर-20 और फेस-3 थाने में चोरी, हथियार और आबकारी अधिनियम समेत नौ मुकदमे दर्ज हैं। गैंगस्टर एक्ट के मामले में वह वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।