मुंडका-बहादुरगढ़ लाइन में नहीं होगा टर्न
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली समेत एनसीआर की लाइफ-लाइन दिल्ली मेट्रो में मुंडका से बहादुरगढ़ लाइन सबसे हटकर बनेगी। दिल्ली मेट्रो के फेस तीन में यह ऐसी लाइन होगी, जिसके सात स्टेशन एक सीध में होंगे। हालांकि इस लाइन को मंजूरी देर से मिलने के कारण मार्च 2016 की डेडलाइन थोड़ी आगे खिसक गई है।
दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (डीएमआरसी) के फेस तीन प्रोजेक्ट में मुंडका से बहादुरगढ़ 11.181 किलोमीटर लंबी लाइन के सातो स्टेशनों के ऐलीवेटिड रूट में एक भी टर्न और ट्विस्ट नहीं आएगा। सभी स्टेशन एक सीध में होंगे। दिल्ली मेट्रो के फेस एक व दो के अलावा फेस तीन की भी अन्य लाइनों में इतनी लंबी सीधी लाइन और कोई नहीं है।
मुंडका से बहादुरगढ़ लाइन पहली ऐसी लाइन होगी। हालांकि इस अनोखी लाइन पर यात्रा का लुत्फ उठाने के लिए यात्रियों को अब वर्ष 2016 के अंत तक इंतजार करना पड़ेगा। इस लाइन पर मंजूरी देर से मिलने के चलते निर्माण कार्य में देरी हुई है।
झज्जर व रोहतक जिला मेट्रो से सीधे जुड़ेगा
बहादुरगढ़ से मुंडका मेट्रो लाइन के शुरू होने से दिल्ली बॉर्डर के मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया, घेवरा, टिकरी कलां व टिकरी बार्डर एरिया के सैकड़ों गांवों को मेट्रो की सुविधा मिलेगी।
मेट्रो लाइन से बहादुरगढ़ शहर तो जुडे़गा ही, सबसे अधिक फायदा झज्जर और रोहतक जिले के लाखों लोगों को होगा, जोकि दिल्ली मेट्रो लाइफ-लाइन से सीधे जुड़ जाएंगे।
दरअसल दिल्ली मेट्रो में सबसे अलग व हटकर लाइन होगी। एक मेट्रो सर्वे के मुताबिक, बहादुरगढ़ के लगभग 50 किलोमीटर तक एरिया सीधे मेट्रो सुविधा का लाभ उठाएगा।
दिल्ली में 4 तो 3 स्टेशन हरियाणा में होंगे
बहादुरगढ़-मुंडका की 11.181 किलोमीटर लंबी लाइन में बनने वाले सात स्टेशनों में चार दिल्ली में तो तीन हरियाणा में होंगे।
दिल्ली में मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया, घेवरा, टिकरी कलां व टिकरी बार्डर और हरियाणा में मॉर्डन इंडस्ट्रियल एरिया, बस स्टैंड व सिटी पार्क मेट्रो स्टेशन होंगे।
इस लाइन पर छह कोच की ट्रेन चलेगी, जो कि 80 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से दौड़ेगी। अभी तक एयरपोर्ट लाइन को छोड़कर अन्य में स्पीड कम है। एएफसी गेट के अलावा यात्री स्मार्ट कार्ड प्रयोग कर सकेंगे।
बहादुरगढ़ से सीपी 1.10 घंटे में पहुंचेंगे
इस लाइन के बनने के बाद बहादुरगढ़ से कनॉट प्लेस तक 1.10 घंटे में पहुंचा जा सकेगा। लाइन शुरू होने से बहादुरगढ़ सिटी पार्क मेट्रो स्टेशन से मुंडका की दूरी महज 20 मिनट रह जाएगी।
अभी आधा से 40 मिनट का समय लगता है। मुंडका से कीर्ति नगर 30 मिनट और मुंडका से इंद्रलोक 25 मिनट में पहुंचा जा सकेगा।
मुंडका मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों को इंद्रलोक इंटरचेंज का लाभ भी मिलेगा। अभी लगभग साढ़े 14 हजार से अधिक यात्री इस रूट पर मुंडका से ट्रेन पकड़ते हैं।
क्या आएंगी दिक्कतें, क्या होगा उपाय?
मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया में दो एंट्री व एग्जिट प्वाइंट तो घेवरा व टिकरी कलां में एक एंट्री व एग्जिट प्वाइंट का सुझाव लोगों से आए हैं।
इस रूट पर एक डिपो मुंडका तो दूसरा मॉडर्न इंडस्ट्रियल एरिया में बनेगा। ताकि समय व धन की बचत हो और ट्रेन समय से बहादुरगढ़ पहुंच सके।
इस लाइन की अधिकतर जमीन अधिग्रहित कर ली गई है। ऐसे में पूरा काम बेहद सावधानी से करना होगा। क्योंकि दिल्ली मेट्रो के फेस एक व दो के अलावा फेस तीन की भी अन्य लाइनों में इतनी लंबी सीधी लाइन और कोई नहीं है।