एनएमआरसी जल्द लांच करेगा अपना स्मार्ट कार्ड, मॉल में डेबिट कार्ड की तरह कर सकेंगे खरीदारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएमआरसी) जल्द ही अपना स्मार्ट कार्ड लांच करेगा। कार्ड का इस्तेमाल नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मेट्रो के सफर अलावा सिटी बस की सेवाओं का भुगतान करने में किया जा सकेगा। साथ ही इससे पार्किंग शुल्क का भुगतान किया जा सकेगा और डेबिट कार्ड की तरह मॉल में खरीदारी की जा सकेगी।
हालांकि दिल्ली मेट्रो कॉरपोरेशन लिमिटेड (डीएमआरसी) में इस कार्ड का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। मेट्रो से ग्रेटर नोएडा से दिल्ली आने जाने वालों को एनएमआरसी की एक्वा लाइन के लिए अलग और दिल्ली मेट्रो के लिए अलग से कार्ड लेना होगा।
एनएमआरसी के जीएम पीडी उपाध्याय का कहना है कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से करार किया गया है। करार के तहत उनकी ओर से स्मार्ट कार्ड के लिए सारी व्यवस्था की जा रही है। यही नहीं कार्ड और टिकटों की बिक्री में भी एसबीआई का सहयोग लिया जा रहा है।
खास बात यह कि एसबीआई को इस परियोजना से जोड़ने की वजह से एनएमआरसी का करीब 100 करोड़ रुपये की बचत होगी। यही काम अगर दिल्ली मेट्रो के सहयोग से किया जाता तो एनएमआरसी को 100 करोड़ रुपये से अधिक चुकाना पड़ता। स्मार्ट कार्ड को एनएमआरसी या एसबीआई के वेबसाइट से रिचार्ज करने की सुविधा मिलेगी।
मोबाइल ऐप पर भुगतान कर सकेंगे यात्रा
इस स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल कोच्चि और नागपुर मेट्रो में भी किया जा सकेगा। ओपन लूप सिस्टम पर आधारित इस कार्ड का उपयोग भविष्य में शुरू होने वाले नए मेट्रो लाइन के लिए उपयोगी होगा।
एक्वा लाइन पर यात्री सीधे मोबाइल एप से भुगतान कर यात्रा कर सकेंगे। एसबीआई वैलेट से जुड़े इस एप को एंड्रायड और आईओएस फोन का इस्तेमाल करने वाले फ्री में डाउनलोड कर सकेंगे। इस एप पर क्यूआर कोड की मदद से यात्रा की सुविधा मिलेगी। इसमें इन माध्यमों से स्टेशन में प्रवेश और निकास किया जा सकेगा।
टोकन नहीं क्यूआर कोड वाले प्रिंटेड टिकट मिलेंगे
एक्वा लाइन पर टोकन की जगह पर प्रिंटेड पेपर टिकट खरीदना होगा। कागज के इस टिकट पर क्यूआर कोड छपा होगा। शुरुआत में सभी स्टेशनों पर दो टिकट काउंटर और एक कस्टमर केयर काउंटर खोला जाएगा। जबकि बाद में स्टेशनों पर टिकट वेंडिंग मशीन लगा दी जाएगी। जिससे यात्री सीधे मशीन से टिकट खरीद सकेंगे।