EXIT POLL: VIP सीटों पर भी होगा 'आप' का कब्जा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं और प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम मशीन में बंद हो चुकी है। दिल्ली की जनता के साथ ही पूरे देश की निगाह दिल्ली चुनाव के नतीजों पर टिकी हुई हैं।
चुनाव के पहले और चुनाव के बाद कई तरह के ओपिनियन पोल आ चुके हैं, इसी कड़ी में एबीपी-नीलसन ने ताजा एक्जिट पोल किया है, जिसमें उसने वीआईपी सीटों पर कौन बाजी मारेगा यह बताया है।
बता दें कि इस पोल के अलावा तमाम अन्य एक्जिट पोल ने आप की सरकार बनते दिखाया है। नीलसन सर्वे के अनुसार आप को 43, बीजेपी को 26 और कांग्रेस को एक सीट मिलने के आसार हैं। अब इस खास सर्वे से जानिए कि 19 वीआईपी सीटों पर कौन सी पार्टी अपना दबदबा बनाने वाली है।
इन पांच सीटों में चार होंगी AAP की
1. नई दिल्ली
2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की नेता और दिल्ली में 15 सालों तक राज करने वाली शीला दीक्षित को केजरीवाल ने नई दिल्ली सीट से हरा दिया था। इस बार आ रहे एक्जिट पोल में भी नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ही जीत रहे हैं।
2. कृष्णानगर:
विधानसभा सीट बनने के बाद से बीजेपी के अधीन रही कृष्णानगर सीट पर इस बार भी बीजेपी का ही कब्जा होने वाला है। इस सीट से बीजेपी की सीएम पद की उम्मीदवार किरण बेदी जीत रही हैं।
3. सदर बाज़ार:
सदर बाजार सीट से कांग्रेस के कद्दावर नेता और दिल्ली चुनाव में कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष रहे अजय माकन, हार रहे हैं। एक्जिट पोल के अनुसार इस सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सोम दत्त जीत रहे हैं।
4. ग्रेटर कैलाश:
ग्रेटर कैलाश सीट से कांग्रेस उम्मीदवार और राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी को हराकर आप उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज जीत रहे हैं। एक्जिट पोल के अनुसार शर्मिष्ठा को बड़ी हार का सामना करना पड़ सकता है।
5. मंगोलपुरी:
2013 में मंगोलपुरी सीट से जीत हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी की महिला नेता राखी बिड़लान इस बार फिर इस सीट पर अपना कब्जा जमाएंगी।
कांग्रेस के हारुन यूसुफ और मतीन अहमद भी नहीं बचा पाएंगे अपनी सीट
6. जनकपुरी:
जनकपुरी सीट का चुनाव इस बार कई लिहाज से काफी रोचक है। इस बार यहां से बीजेपी नेता जगदीश मुखी को उन्हीं के दामाद कांग्रेस की तरफ से टक्कर दे रहे हैं। मगर इन दोनों को ही आम आदमी पार्टी के राजेश ऋषि बड़ा खतरा है। लेकिन कहा जा रहा है कि पलड़ा जगदीश मुखी का ही भारी है।
7. रोहिणी:
रोहिणी सीट से बीजेपी के उम्मीदवार और पूर्व दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को खतरा है। इन्हें आम आदमी पार्टी के नेता सीएल गुप्ता कड़ी टक्कर दे रहे हैं।
8. सीलमपुर:
सीलमपुर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मतीन अहमद चौधरी को हार का डर है। इस सीट पर मुसलमानों की बड़ी संख्या है। मतीन चौधरी 1993 से लगातार यहां से जीतते रहे हैं। इस बार यह सीट आप उम्मीदवार मोहम्मद इशराक के खाते में जाने को है।
9. द्वारका:
द्वारका सीट से सीट से लालबहादुर शास्त्री के पोते और आम आदमी पार्टी उम्मीदवार आदर्श शास्त्री जीत रहे हैं। आदर्श कांग्रेस के दिग्गज नेता महाबल मिश्रा को हराकर यह सीट अपने कब्जे में करेंगे।
10. बल्लीमारन:
बल्लीमारन से आम आदमी पार्टी के नेता इमरान हुसैन की बड़ी जीत की संभावना है। इमरान कांग्रेस के कद्दावर नेता हारुन यूसुफ को हराएंगे।
अपनी पार्टी छोड़ बीजेपी में शामिल हुए प्रत्याशियों की होगी हार
11. पटेल नगर:
इस सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हज़ारी लाल चौहान जीत रहे हैं। इस सीट से कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आईं कृष्णा तीरथ हार रही हैं। तीरथ ने ऐन चुनाव से पहले कांग्रेस को छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था। बीजेपी ने तीरथ के साथ दलित कार्ड खेला, लेकिन बात नहीं बनती दिख रही है।
12. मटिया महलः
इस सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार आसिम अहमद खान जीत रहे हैं। इस सीट से 1993 से लगातार जीत रहे शोएब इकबाल इस बार हार रहे हैं. इकबाल कई पार्टियों का सफर कर चुके हैं। इस बार उन्होंने कांग्रेस के टिटक से चुनाव लड़ा था।
13. पटपड़गंजः
इस सीट से बीजेपी के उम्मीदवार विनोद बिन्नी हार रहे हैं। बिन्नी उन नेताओं में जिन्होंने सबसे पहले आम आदमी पार्टी से बग़ावत की थी और चुनाव से ऐन पहले बीजेपी का दामन थाम लिया। इस सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मनीष सिसोदिया जीत रहे हैं।
14. जंगपुरा:
आम आदमी पार्टी से बीजेपी का दामन थामने वाले एमएस धीर इस सीट से हार रहे हैं। एमएस धीर केजरीवाल की सरकार में स्पीकर थे। इस सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार प्रवीण कुमार जीत रहे हैं।
15. तिमारपुर:
इस सीट से बीजेपी की उम्मीदवार रजनी अब्बी हार रही हैं। इस सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार पंकज पुष्कर जीत रहे हैं।
अलका लांबा हार सकती हैं
16. आर के पुरम:
आरके पुरम सीट से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार प्रमिला टोकस जीत रही हैं।
17. तिलक नगर:
इस सीट से बीजेपी के उम्मीदवार राजीव बब्बर को खतरा है। इस सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार जरनैल सिंह बीजेपी उम्मीदवार को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। हालांकि, जरनैल सिंह का पड़ला भारी है।
18. चांदनी चौक:
इस सीट से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार अलका लांबा को खतरा है। इस सीट से कांग्रेस उम्मीदवार प्रह्लाद सिंह साहनी को अलका लांबा कड़ी टक्कर दे रही हैं, लेकिन कांग्रेस उम्मीदवार का पड़ला भारी है। यही वह सीट है जहां कांग्रेस को जीत की उम्मीद है।
19. मालवीयनगर:
इस सीट से आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती जीत रहे हैं।