NDMC वकील की हत्या मामले में हरकत में केंद्र सरकार, आप को भाजपा नेता पर शक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी (आप) ने नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) के कानूनी सलाहकार एमएम खान की हत्या के पीछे भाजपा नेता करन सिंह तंवर का हाथ होने की आशंका जाहिर की है।होटल मालिक और तंवर सिंह के बीच संबंधों का हवाला देते हुए प्रदेश संयोजक दिलीप पांडेय ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
बृहस्पतिवार को दिलीप पांडेय के साथ आप विधायक व एनडीएमसी सदस्य सुरेंद्र सिंह व विधायक अमानतउल्लाह खान ने मीडिया से इस बारे में बात की। दिलीप पांडेय ने कहा कि अभी तक इस मसले में आधा-अधूरा सच सामने आया है। तंवर के साथ होटल मालिक के संबंधों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
इसके बाद में मामले का असली गुनहगार पकड़ा जाएगा। दिलीप पांडेय ने कहा तंवर ने एमएम खान को एनडीएमसी से हटाने के लिए उपराज्यपाल नजीब जंग को एक पत्र भी लिखा था। उन्होंने मांग की कि तंवर को एनडीएमसी के वाइस चेयरमैन पद से हटाया जाना चाहिए।
आप ने भाजपा नेता पर लगाए गंभीर आरोप
वहीं सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बीते 2 मई को एमएम खान उनके पास आए थे। बकौल सुरेंद्र सिंह, खान ने बताया था कि करन सिंह तंवर उन्हें धमका रहे हैं। इतना ही नहीं, आरोप होटल मालिक का नियमित तौर पर तंवर के दफ्तर में आना-जाना लगा रहता था।
इसका पता सीसीटीवी फुटेज से किया जा सकता है। अमानतउल्लाह खान ने बताया कि एमएम खान ईमानदार अफसर थे। उनके घर की माली हालत भी ठीक नहीं थी। कनॉट होटल के पक्ष में फैसला लेने के लिए खान को 4 करोड़ रुपये की रिश्वत की पेशकश हुई थी। इसे उन्होंने इन्कार कर दिया था।
दूसरी ओर करन सिंह तंवर का इस मामले में कहना है कि आम आदमी पार्टी के आरोप बेबुनियाद और पूरी तरह फर्जी हैं। उनके आरोप लगाए गए आरोपों को लेकर वह आम आदमी पार्टी के नेताओं पर मानहानि का केस कराएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उनके पास कई तरह की शिकायतें आती हैं। इसी क्रम में खान के खिलाफ भी कुछ लोग शिकायत लेकर आए थे। इस पर उन्होंने एलजी को पत्र लिखा था।
एनडीएमसी मुख्यालय पहुुंचे केंद्रीय गृह राज्यमंत्री
एनडीएमसी के उप विधि अधिकारी एमएम खान की हत्या के बाद केंद्र सरकार हरकत में आ गई है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री हरीभाई चौधरी ने बृहस्पतिवार को एनडीएमसी की गतिविधियों का जायजा लेने के लिए उसके मुख्यालय पहुंचे और अधिकारियों के साथ बातचीत कर उन्हें कड़े निर्देश दिए।
चौधरी ने अधिकारियों को भ्रष्टाचार मुक्त वातावरण बनाने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं कीजाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को समय रहते और सही तरीके से हल किया जाना चाहिए।
दूसरी ओर उन्होंने नई दिल्ली इलाके में स्वच्छ वातावरण बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर एनडीएमसी की पीठ थपथपाई। इस मौके पर उन्होंने एनडीएमसी के उप विधि अधिकारी एमएम खान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि वे काबिल और ईमानदार अधिकारी थे जो अपने कर्तव्यों के प्रति अपनी अंतिम सांस तक निष्ठापूर्वक समर्पित रहे। उनके निष्पक्ष और कठोर निर्णय एनडीएमसी के अधिकारियों और कर्मचारियों का सदैव मनोबल बढ़ाने में सहायक होंगे।