पूछताछ में कई जगह लड़खड़ाए SP, लाई डिटेक्टर टेस्ट की तैयारी
पठानकोट आतंकी हमला मामले में सवालों के घेरे में आए पंजाब के एसपी सलविंदर सिंह से नेशनल इनवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) के अधिकारियों ने दिन भर पूछताछ की।
सलविंदर सिंह को उनकी संदिग्ध गतिविधियों के लिए दिल्ली स्थित एनआईए मुख्यालय तलब किया गया था। एनआईएस सूत्रों के मुताबिक सलविंदर अपने जवाब के दौरान कई जगह लड़खड़ाए।
इस मामले में सलविंदर के रसोइए मदन गोपाल को भी पूछताछ के लिए दिल्ली तलब करने का फैसला किया गया है। साथ ही एसपी के जवाबों में विरोधाभास को देखते हुए उनके लाई डिटेक्टर टेस्ट की तैयारी भी की जा रही है।
मंगलवार को भी जारी रहेगी पूछताछ
उधर एनआईए पठानकोट हमले में मारे गए आतंकियों की पहचान के लिए इंटरपोट की ब्लैक कार्नर नोटिस जारी कर रही है। साथ ही एनआईए की दस अधिकारियों की टीम पठानकोट एयरबेस का लगातार मुआएना कर रही है।
टीम के ताजा मुआएने में एक एके 47 मैगजीन, एक मोबाईल फोन और दूरबीन मिली है। पठानकोट में एसपी के दोस्त राजेश वर्मा और रसोइए मदन गोपाल की भी पूछताछ जारी है।
सोमवार सुबह करीब 10.45 बजे एनआईए मुख्यालय पहुंच गए थे। उन्हें मंगलवार को भी हाजिर होने को कहा गया है। सलविंदर सिंह से पठानकोट में भी लंबी पूछताछ की गई थी। एनआईए को पठानकोट और आसपास कई ऐसे गवाह भी मिले हैं जो ड्रग तस्करी और हमले से जुड़ी अहम जानकारियां दे रहे हैं।