Nangloi Violence: अब तक 200 से अधिक लोगों से पूछताछ, गिरफ्तारी एक भी नहीं; आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश तेज
पुलिस फरार लोगों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है। शनिवार को मुहर्रम पर ताजिया जुलूस निकालने के दौरान लोगों ने सूरजमल स्टेडियम जाने से रोके जाने के बाद बवाल किया था।
विस्तार
नांगलोई इलाके में ताजिया जुलूस के दौरान हुए बवाल के मामले में पुलिस सीसीटीवी कैमरों और वीडियो फुटेज की मदद से कई लोगों की पहचान कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में पहचान किए गए दो सौ लोगों से पूछताछ की जा चुकी है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस फरार लोगों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है। शनिवार को मुहर्रम पर ताजिया जुलूस निकालने के दौरान लोगों ने सूरजमल स्टेडियम जाने से रोके जाने के बाद बवाल किया था। इसके बाद उपद्रवियों ने सड़क पर चल रहे वाहनों पर पथराव किया था। साथ ही पुलिसकर्मियों पर पथराव और हत्या की कोशिश भी की थी। इसको लेकर नांगलोई थाना पुलिस ने तीन एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरे और दर्जनों वीडियो फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान कर रही है। जिन्होंने घटना के दौरान पथराव और घातक हथियार लेकर हंगामा किया था।
पुलिस सूत्रों की माने तो पुलिस ने ऐसे चार सौ लोगों की पहचान कर ली है। जिसमें से अब तक दो सौ लोगों से पूछताछ कर चुकी है। इन लोगों से घटनास्थल पर मौजूदगी को लेकर पूछताछ की गई है। वहीं बताया जा रहा है कि अमन विहार, प्रेम नगर और किराड़ी के रहने वाले करीब दो सौ लोग अब भी फरार हैं। जिनके परिवार वालों से संपर्क कर पुलिस उन्हें जांच में शामिल होने के लिए कहा है।