‘पापा की नौकरी चली गई है.. वो हमें मार देंगे.. प्लीज हमें बचा लो’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ग्रेटर नोएडा की हाईराइज सोसायटी में रहने वाले भाई-बहन (उम्र 8 व 9 साल) ने चाइल्ड लाइन को ई-मेल भेजकर अपने पिता से खुद को बचाने की गुहार लगाई।
ई-मेल पढ़ने के बाद हरकत में आई चाइल्ड लाइन की टीम ने सोसायटी में जाकर पूरी घटना का पता लगाया। बच्चों ने मेल में लिखा था कि उनके पापा की नौकरी चली गई है।
स्कूल की फीस तक नहीं जमा कर पा रहे हैं। पैसे नहीं होने पर घर में झगड़ा होता रहता है। आर्थिक रूप से परेशान होकर उनके पापा उन्हें जान से मारना चाहते हैं।
गौतमबुद्ध नगर के चाइल्ड लाइन के इंचार्ज सत्यप्रकाश ने बताया कि कुछ दिनों पहले ग्रेटर नोएडा के एक नामी स्कूल में पढ़ने वाले भाई-बहन का मेल आया था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि मेरे पापा की नौकरी चली गई है।
स्कूल वालों ने स्कूल आने से भी किया मना
जिस वजह से घर में बहुत परेशानी हो गई है। स्कूल की फीस भी नहीं दी है। इसलिए स्कूल वालों ने उन्हें स्कूल आने से मना कर दिया। साथ ही नाम काटने की बात कही जा रही है।
आर्थिक रूप से परेशान होकर पापा हम लोगों को मारना चाहते हैं। प्लीज हमें बचा लो। हम अपने घर में खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। इस ई-मेल को पढ़ने के बाद चाइल्ड लाइन की टीम तुरंत बच्चों के घर गई।
टीम ने आसपास के लोगों से भी बातचीत कर हकीकत का पता लगाने की कोशिश की। इस दौरान पता चला कि बच्चों के पिता की नौकरी चली गई है और मां हाउस वाइफ है।
ऐसे में घर का खर्च निकल पाना मुश्किल हो रहा है। यही कारण है कि वह स्कूल की फीस नहीं दे पा रहा है, लेकिन बच्चों को मारने वाली बात के बारे में पता लगाया जा रहा है।
इस मामले में चाइल्ड लाइन ने स्कूल प्रबंधक से बात कर बच्चों को परेशान न करने की बात कही। सत्यप्रकाश ने कहा कि जल्द ही हमारी टीम प्रिंसिपल से भी मिलने जाएगी। इस मामले को हमारी टीम लगातार फॉलो कर रही है।