एकतरफा प्यार में की थी युवती की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
-सेक्टर-तीन में कत्ल का मामला : कई बार दोस्ती का प्रस्ताव रखा था
-युवती के साथ गलत काम करने की नियत से हुआ था घर में दाखिल
-पहचान उजागर होने के बाद कर दी थी हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फरीदाबाद के सेक्टर-तीन में घर में घुसकर दिनदहाड़े युवती की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने सिरफिरे आशिक को रेवाड़ी से गिरफ्तार किया है। आरोपी युवती से एकतरफा प्यार करता था। उसने कई बार युवती के समक्ष दोस्ती का प्रस्ताव रखा, जिसे उसने इंकार कर दिया था। उस दिन आरोपी युवती के साथ गलत काम करने नियत से उसके घर में दाखिल हुआ था और पिस्तौल के बल पर उसके कपड़े उतरवाए थे। इस दौरान युवती ने आरोपी को पहचान लिया, जिस पर उसने उसकी पहले सिर पर क्रिकेट बैट मारकर और फिर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
मूलरूप से तोशाम, भिवानी निवासी 21 वर्षीय आकाश पिछले कई साल से परिवार के साथ यहां सेक्टर-तीन में रहता है। पुलिस के अनुसार आकाश पड़ोस में ही रहने वाली युवती को पसंद करता था और उससे प्यार करने लगा था। उसने कई बार युवती के समक्ष दोस्ती का प्रस्ताव रखा, मगर उसने इंकार कर दिया। ऐसे में उसने युवती को सबक सिखाने की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपी ने उसकी पूरी रेकी की। उसके माता-पिता और भाई किस समय घर से जाते हैं। युवती के अकेले होने के दौरान कौन-कौन घर पर आता है, किस समय आता है। इसकी पूरी जानकारी जुटाई। इस दौरान आरोपी को पता चला कि सुबह 10 और 10.30 बजे युवती के घर में एक व्यक्ति पानी देने आता है। आरोपी ने इसी दौरान घर में दाखिल होने की साजिश रची।
सेक्टर-सात थाना प्रभारी योगवेंद्र सिंह ने बताया कि युवती का मकान पहली मंजिल पर है। जब पानी वाला आया तो वह नीचे आ गई थी। इस दौरान घर की छत पर छिप कर बैठा आरोपी आकाश घर में दाखिल हो गया। घर में किसी के छिपे होने की बात से अनजान युवती वापस आई और उसने घर का दरवाजा खुद बंद कर लिया। इस पर दरवाजे के पीछे छिपे आकाश ने युवती को पिस्तौल दिखाकर चुप रहने का इशारा किया। आरोपी ने अपना मुंह पूरी तरह ढक रखा था। उसने युवती की आंखों पर पट्टी बांध दी और अपने चेहरा खोल दिया। पिस्तौल के बल पर ही आरोपी ने उसके कपड़े उतरवा लिए थे। इसी दौरान पीड़िता ने अपनी पट्टी खोल ली।
सामने आकाश को देखकर वह उसे पहचान गई और गलत काम नहीं करने की चेतावनी दी। पहचान उजागर हो जाने और युवती के शोर मचाने के डर से आरोपी ने वहीं पड़ा क्रिकेट बैट उठाया और उसके सिर में दे मारा, जिससे वह बेहोश हो गई। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया, मगर होश में आने पर युवती ने उसका विरोध किया। इस पर उसने युवती का सिर दीवार में दे मारा, जिससे वह जमीन गिर गई। इसके बाद आरोपी रसोई घर से चाकू लेकर आया और युवती का गला रेत दिया। इसके बाद उसने उसके पूरे शरीर पर चाकू से वार कर कई जगह से काटा। इस दौरान करीब तीन घंटे तक वह घर में रहा और मृतक छात्रा के भाई के स्कूल से लौटने से पहले निकल गया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है और उससे पूछताछ करने में जुटी है।