{"_id":"6b054a5047df6c92a8002c2b","slug":"arvind-kejriwal-s-reaction-to-the-bjp-shiromani-akali-dal-alliance-in-punjab-2026-11-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"'हमारा गठबंधन जनता के साथ': भाजपा-अकाली गठबंधन पर केजरीवाल बोले- ये लोग सत्ता के लिए कभी एक साथ आ जाते हैं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
'हमारा गठबंधन जनता के साथ': भाजपा-अकाली गठबंधन पर केजरीवाल बोले- ये लोग सत्ता के लिए कभी एक साथ आ जाते हैं
Tue, 24 Nov 2026 01:57 PM IST
Vijay Singh Pundir
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Vijay Singh Pundir
Updated Tue, 24 Nov 2026 01:57 PM IST
सार
पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन हो गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रेस वार्ता में इसका एलान किया। गठबंधन को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा और शिरोमणि अकाली दल पर तीखा हमला बोला है।
विज्ञापन
अरविंद केजरीवाल
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल और भाजपा ने फिर से गठबंधन कर लिया है। भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की मौजूदगी में गठबंधन का एलान किया। भाजपा और अकाली दल के बीच गठबंधन को लेकर आम आदमी पार्टी ने दोनों दलों पर निशाना साधा है।
विज्ञापन
हम पंजाब के विकास के लिए काम कर रहे हैं: केजरीवाल
गठबंधन को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, "हम लोगों का गठबंधन तो पंजाब की जनता साथ है। ये लोग सत्ता के लिए कभी एक साथ आ जाते हैं, कभी अलग हो जाते हैं, और फिर दोबारा साथ आ जाते हैं। वहीं दूसरी ओर हम पंजाब के विकास के लिए काम कर रहे हैं। पूरा पंजाब देख सकता है कि पिछले पांच वर्षों में भगवंत मान ने चीजों को ठीक करने के लिए कितनी लगन से काम किया है, ताकि पिछले 70-75 वर्षों में पंजाब को हुए नुकसान की भरपाई की जा सके।'
विज्ञापन
अमित शाह ने ने किया भाजपा-अकाली गंठबंधन का एलान
गठबंधन का एलान करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "सभी को गुरु पर्व की बधाई। हमारे राष्ट्रीय साहब के नेतृत्व में आज अभी-अभी एक बैठक हुई है और उसमें अकाली दल और भाजपा के प्रमुख नेताओं ने बैठकर एक फैसला लिया है कि अगला पंजाब विधानसभा का चुनाव भाजपा और अकाली दल दोनों मिलकर लड़ेंगे और आज से अकाली दल एनडीए के साथी के रूप में राजनीति में काम करेंगे।
विज्ञापन
एनडीए का पुराना साथी लौट आया है: शाह
शाह ने कहा, "यह बहुत खुशी की बात है कि एनडीए का सबसे पुराना सहयोगी, शिरोमणि अकाली दल आज फिर से एनडीए में वापस आ रहा है। मैं अकाली दल के सभी साथियों और सरदार सुखबीर सिंह बादल जी का एनडीए में तहे दिल से स्वागत करता हूं। कल जब मैंने प्रधानमंत्री जी से एनडीए के विस्तार के बारे में बात की, तो उन्होंने सुखबीर जी और हमारे अध्यक्ष जी को भी फोन किया। उन्होंने कहा कि अब एनडीए पूरा हो गया है, क्योंकि बादल साहब की पार्टी के बिना एनडीए अधूरा था। मुझे विश्वास है कि पंजाब, पूरे देश और दुनिया भर में, यह गठबंधन हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बनेगा और दोनों दल मिलकर इस दिशा में आगे बढ़ेंगे।"
पंजाब को कांग्रेस-आप ने बर्बाद कर दिया: सुखबीर सिंह बादल
वहीं, शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा, "यह सिर्फ एक राजनीतिक गठबंधन नहीं है, बल्कि एक भावनात्मक जुड़ाव है। यह गठबंधन पंजाब के हित में, देश के हित में और सिख समुदाय के हित में है। पंजाब को कांग्रेस-आप ने बर्बाद कर दिया। केजरीवाल की टीम पंजाब को लूट रही है। पंजाब को फिर से सोने की चिड़िया बनाएंगे। नौजवानों और किसानों के हित में यह गठबंधन है।'
