मॉडर्न स्कूल ने बढ़ाई 25 % फीस, हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फीस वृद्धि पर प्रशासनिक कार्रवाई और मामला हाईकोर्ट में होने के बावजूद प्राइवेट स्कूल संचालकों के हौसले बुलंद हैं। बृहस्पतिवार को वैशाली सेक्टर-1 स्थित मॉडर्न स्कूल द्वारा अचानक फीस में 25 फीसदी फीस की वृद्धि कर दी गई। इससे भड़के अभिभावकों ने स्कूल गेट पर जमकर हंगामा किया।
कारण पूछने पर प्रिंसिपल की अभद्रता से गुस्साए अभिभावकों ने प्रदर्शन करने के बाद करीब ढाई घंटे तक स्कूल गेट पर धरना भी दिया। दूसरी ओर विभिन्न स्कूलों के अभिभावक भी लामबंद होना शुरू हो गए हैं।
बताए स्कूल, कितने बच्चों को दे रहा निःशुल्क शिक्षा
विरोध के दौरान अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन से गरीब बच्चों की सूची मांगी है, जिन्हें निशुल्क शिक्षा दी जा रही है। अभिभावकों का आरोप है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बावजूद स्कूल में गरीब बच्चों का प्रवेश नहीं लिया जाता है।
मांगा 10 दिन का समय
सेक्टर-1 स्थित मॉडर्न स्कूल में बृहस्पतिवार को फीस वृद्धि से गुस्साए अभिभावकों का स्कूल गेट पर ढाई घंटे हंगामा चला। आरोप है कि प्रिंसिपल ने मसले पर बात करने के बजाए अभद्रता की। इसके बाद अभिभावकों का गुस्सा बढ़ गया। अभिभावकों का कहना है कि अब प्रिंसिपल से बात नहीं करेंगे, प्रबंधन से बात की जाएगी।
प्रिंसिपल ने 10 दिन का समय देने की बात कही है। अभिभावक आगामी पांच जून को स्कूल गेट पर दोबारा इकट्ठा होंगे। 25 फीसदी फीस बढ़ाने के साथ ही अंतिम डेट बीतने पर पांच सौ प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना वसूला जाता है।
अभिभावकों ने बढ़ी फीस कम करने और दो बच्चों के पढ़ाई पर नियमानुसार फीस में छूट देने की भी मांग की है। बाल भारती, डीपीएसजी, सेठ आनंदराम जयपुरिया, वनस्थली के साथ ही अब मॉडर्न स्कूल में भी फीस वृद्धि का विरोध शुरू हुआ है।
अभिभावकों का आरोप है कि प्रिंसिपल मिलती नहीं हैं। अभिभावकों से बात नहीं करती हैं। जिन अभिभावकों के दोनों बच्चे पढ़ते हैं, उन्हें नियमानुसार फीस में छूट नहीं दी जाती है।