कौन-कौन होंगे मोदी के सिपाही, फैसला आज!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनावों में भारी विजय के साथ अब प्रधानमंत्री पद पर नरेंद्र मोदी की ताजपोशी की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए पार्टी की शनिवार को केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक हो रही है।
इसमें मोदी को विधिवत प्रधानमंत्री चुनने की प्रक्रिया और उनकी ड्रीम कैबिनेट बनाने की कसरत शुरू होगी। संसदीय बोर्ड की बैठक में शामिल होने के लिए मोदी शनिवार सुबह दिल्ली पहुंचेंगे।
इसके बाद वे वाराणसी जाएंगे। संसदीय बोर्ड के बाद अगले हफ्ते पार्टी संसदीय दल की बैठक होगी। इसमें मोदी को विधिवत नेता चुना जाएगा।
मोदी ने तय कर ली है अपनी टीम
अगले हफ्ते संसदीय दल की बैठक के बाद वे राष्ट्रपति के पास जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इधर, माना जा रहा है कि मोदी ने संघ के साथ मिलकर अपनी टीम का स्वरूप लगभग तय कर लिया है।
वैसे भी भाजपा को पूर्ण बहुमत मिल जाने से अब मोदी को फ्री हैंड मिल गया है। अब सुषमा स्वराज जैसी असंतुष्ठ नेताओं को मनाने के लिए मोदी-राजनाथ की जोड़ी को ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी। मोदी के मंत्रिमंडल में राजनाथ सिंह के भी शामिल होने के पूरे आसार हैं।
बहरहाल, मोदी के मंत्रिमंडल में वैंकेया नायडू, नितिन गडकरी, मुख्तार अब्बास नकवी, रविशंकर प्रसाद, उमा भारती, भुवन चंद्र खंडूरी, मेनका गांधी, राजीव प्रताप रूडी, हर्षवर्धन, जेपी नड्डा आदि नेताओं के नाम लगभग तय माने जा रहे हैं।
हारने के बाद भी होगी इनकी अहम भूमिका
चुनाव हार जाने के बावजूद अरुण जेटली भी मंत्रिमंडल में खास भूमिका रहने वाली है। राजनाथ पहले ही कह चुके हैं कि लालकष्ण आडवाणी व डा. मुरली मनोहर जोशी जैसे वरिष्ठ नेताओं की भूमिका को लेकर आम सहमति से फैसला किया जाएगा।
क्योंकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ चाहता है कि आडवाणी और जोशी जैसे 75 साल की उम्र पार कर चुके वरिष्ठ नेताओं को सरकार में शामिल नहीं होना चाहिए। इसलिए भाजपा अब आडवाणी और जोशी के लिए नई भूमिका तलाशेगी।
दिल्ली में मोदी का शंखनाद भी आज
भाजपा केप्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह दिल्ली आएंगे।
आईजीआई एयरपोर्ट से वह अपने समर्थकों के साथ जुलूस के रूप में 11 अशोका रोड स्थित भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय आएंगे। जुलूस एयरपोर्ट से सुबह दस बजे चलेगा।
भाजपा नेताओं का कहना है कि मोदी के दिल्ली आगमन पर जुलूस में भारी संख्या में समर्थक कार, टेंपो आदि के साथ भाजपा कार्यकर्ता शामिल हो सकते हैं।
क्या है जुलूस का रूट?
दिल्ली पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) अनिल शुक्ला के अनुसार जुलूस आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल -तीन से शुरू होकर सर्विस रोड, सेंट्रल स्पाइन रोड, एरोसिटी, संजय टी पाइंट और वहां से एनएच-8 पहुंचेगी।
उसके बाद धौला कुआं फ्लाईओवर, सरदार पटेल मार्ग, 11 मूर्ति, मदर टेरेसा क्रेसेंट, तीन मूर्ति गोल चक्कर, तीन मूर्ति मार्ग, जीकेपीओ गोल चक्कर, अकबर रोड, मोतीलाल नेहरू प्लेस, जनपथ, विंडसर प्लेस होकर अशोका रोड स्थित भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय पहुंचेगा।
जुलूस के चलते कई मार्ग प्रभावित हो सकते हैं। ये मार्ग हैं- आईजीआई एयरपोर्ट रोड, सेंट्रल स्पाइन रोड, एरोसिटी, एनएच-8, सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रेसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, जनपथ से होते हुए 11 अशोका रोड बीजेपी हेड क्वार्टर।
यहां है मोदी के भव्य स्वागत की तैयारी
मोदी के भव्य स्वागत के लिए प्रदेश भाजपा तैयार है। सात जगहों पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। बीजेपी की योजना है कि इस स्वागत कार्यक्रम में कम से कम 40-50 हजार से अधिक की भीड़ जुटे।
प्रदेश भाजपा महामंत्री जय प्रकाश (जेपी) ने बताया कि नरेंद्र मोदी सुबह 9 बजे आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर पहुंचेंगे। यहां उनका स्वागत में सभी नेता व हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
इस मौके पर आतिशबाजी, ढोल नगाड़े, भांगड़ा, बैंड बाजे, व फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया जायेगा।