Seema Sisodia: मनीष सिसोदिया की पत्नी तबीयत फिर बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती; डॉक्टर बोले- दिख रहे हैं गंभीर लक्षण
पार्टी सूत्रों ने बताया कि जब उनकी तबीयत बिगड़ी उस वक्त सीमा घर पर ही मौजूद थीं।
विस्तार
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की पत्नी सीमा सिसोदिया की तबीयत खराब होने के बाद मंगलवार को दिल्ली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पिछले कुछ महीने के अंदर सीमा सिसोदिया को तीसरी बार अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की माने तो सीमा सिसोदिया पिछले 23 साल से न्यूरो संबंधित बीमारी मल्टीपल स्केलेरोसिस से पीड़ित हैं। यह एक ऑटोइम्यून बीमारी है। इसमें दिमाग धीरे-धीरे शरीर पर से नियंत्रण खो देता है। बताया जा रहा है कि घर में अकेले रहने के कारण सीमा सिसोदिया के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ा रहा है और तनाव के कारण उनकी सेहत और खराब हो गई है।
डॉक्टरों के अनुसार, बीमारी के बढ़ने के कारण सीमा सिसोदिया का धीरे-धीरे अपने शरीर पर नियंत्रण कम होता जा रहा है। उन्हें आगे के इलाज और देखभाल के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि दुनिया भर में मल्टीपल स्केलेरोसिस का कोई ज्ञात इलाज नहीं है। कुछ प्रकार की दवाएं, फिजियोथेरेपी और ट्रीटमेंट के जरिये ही रोग की शुरुआत को धीमा और कंट्रोल किया जा सकता है।
दिख रहे हैं गंभीर लक्षण
डॉक्टरों ने बताया कि सीमा सिसोदिया में ऐसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं। उनके चलने की क्षमता कम हो रही है। उन्हें खड़े होने पर अपना संतुलन बनाए रखने के दौरान गिरने का खतरा है। आंत और मूत्राशय नियंत्रण की भी समस्याएं हैं। डॉक्टरों का कहना है कि सीमा सिसोदिया की शारीरिक स्थिति को देखते हुए उन्हें नियमित रूप से फिजियोथेरेपी और दवाइयों की जरूरत है ताकि बीमारी के लक्षण और उसके असर को कम किया जा सके।