{"_id":"656b89e81c2938494c010f9a","slug":"manipuri-family-molested-in-delhi-youth-beaten-to-death-2023-12-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"Nightmare : दिल्ली में मणिपुरी परिवार से छेड़छाड़, युवक को पीटकर किया अधमरा, घटना की छानबीन शुरू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Nightmare : दिल्ली में मणिपुरी परिवार से छेड़छाड़, युवक को पीटकर किया अधमरा, घटना की छानबीन शुरू
Sun, 03 Dec 2023 01:17 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sun, 03 Dec 2023 01:17 AM IST
सार
आरोपियों ने न सिर्फ 30 वर्षीय युवक को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया, बल्कि उसकी पत्नी और बहन पर अश्लील टिप्पणी करते हुए छेड़छाड़ की।
विज्ञापन
demo pic...
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सनलाइट कालोनी स्थित किलोकरी गांव में मणिपुरी परिवार के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने न सिर्फ 30 वर्षीय युवक को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया, बल्कि उसकी पत्नी और बहन पर अश्लील टिप्पणी करते हुए छेड़छाड़ की। इसके बाद फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो पीड़ित को अस्पताल ले जाया जा चुका था। बाद में पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मारपीट, बलवा करने और छेड़छाड़ की धाराओं में मामला दर्ज किया। हमलावर भी मणिपुर के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं।
विज्ञापन
मणिपुर निवासी 30 वर्षीय युवक ने बताया कि वह परिवार के साथ सनलाइट कालोनी इलाके में रहता है। बृहस्पतिवार को उसके घर पर एक दोस्त आया हुआ था। रात करीब 11.30 बजे वह अपनी पत्नी व बहन के साथ दोस्त को छोड़ने जा रहा था। इस बीच रास्ते में उनको मणिपुर के ही रहने वाले तीन लोग मिले, इनमें एक महिला भी शामिल थी। तीनों में से एक युवक ने पीड़ित से कहा कि उसका मोबाइल फोन बैटरी डाउन होने की वजह से बंद हो गया है। यदि हो सके तो वह अपने मोबाइल से उनके लिए मुनिरका के लिए एक कैब बुक कर दे।
विज्ञापन
पीड़ित ने कैब बुक कर दी। बाद में कैब बुक करने का अनुरोध करने वाला युवक चला गया। मौके पर महिला व युवक मौजूद थे। आरोप है कि महिला के साथ मौजूद युवक ने अचानक पीड़ित के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने उसकी पत्नी व बहन के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के अलावा उनके साथ शारीरिक छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर पीड़ित को पीटना शुरू कर दिया।
विज्ञापन
फोन कर बाकी लोगों को बुलाया...
मारपीट के दौरान आरोपी ने कॉल कर अपने बाकी साथियों को बुला लिया। इन लोगों ने पीड़ित को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। शोर-शराबा हुआ तो स्थानीय लोग बीच-बचाव कराने आ गए। किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी जमीन पर गिराकर पीड़ित को मार रहे हैं। बृहस्पतिवार रात करीब 2.30 बजे मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर पीड़ित को ट्रामा सेंटर ले जाया जा चुका था। युवक को गंभीर चोटें आईं हैं। बाद में पीड़ित ने शुक्रवार को थाने में आकर बयान दर्ज कराया। उसके आधार पर पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
कुकी-मैतेई विवाद की वजह से तो नहीं हुआ झगड़ा...
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी और पीड़ित एक दूसरे को जानते नहीं है। अलबत्ता इतना जरूर है कि दोनों मणिपुर के हैं और अलग-अलग समुदाय से संबंध रखते हैं। पीड़ित ने भी मामले में खुलकर कोई आरोप नहीं लगाए हैं। उसने पूरे मामले की जांच कराने की बात की है। दरअसल मणिपुर में कुकी और मैतेई समुदाय के बीच पिछले काफी समय से विवाद चल रहा है। अब दिल्ली में हुई वारदात इसी विवाद लेकर है या नहीं, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले में कुछ भी बोलने से बच रही है।