मौज-मस्ती बनी मातम: दिल्ली के निजी स्कूल के स्विमिंग पूल में युवक की डूबने से मौत, तीन दोस्तों संग गया था राहु
पुलिस उपायुक्त सिंह ने बताया कि शाम करीब साढ़े पांच बजे राहुल स्विमिंग पूल में डूब गया। इसके बाद उसके दोस्त और मौके पर मौजूद अन्य लोग उसे तुरंत तारक अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विस्तार
दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में एक निजी भोली राम पब्लिक स्कूल के स्विमिंग पूल में तैराकी के दौरान 26 वर्षीय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक दिल्ली के झरोदा गांव निवासी राहुल रॉय के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवा दिया गया है। नजफगढ़ थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तीन दोस्तों के साथ गया था राहुल
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि पुलिस को तारक अस्पताल से सूचना मिली थी कि नजफगढ़ स्थित एक निजी स्कूल के स्विमिंग पूल में तैराकी के दौरान एक युवक डूब गया है। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची। प्रारंभिक जांच में पता चला कि राहुल बुधवार शाम अपने तीन दोस्तों सूरज सिंह, तरुण कुमार और भविष्य के साथ स्कूल के स्विमिंग पूल में नहाने और तैराकी करने गया था।
दोस्त ही लेकर गए थे अस्पताल
पुलिस उपायुक्त सिंह ने बताया कि शाम करीब साढ़े पांच बजे राहुल स्विमिंग पूल में डूब गया। इसके बाद उसके दोस्त और मौके पर मौजूद अन्य लोग उसे तुरंत तारक अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गत्ते के डिब्बों की पैकिंग करता था राहुल
पुलिस उपायुक्त ने कहा कि पुलिस टीमें यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि युवक किन परिस्थितियों में डूबा और घटना के समय स्विमिंग पूल में आवश्यक सुरक्षा इंतजाम मौजूद थे या नहीं। राहुल एक निजी कंपनी इंटरवल इंडिया में गत्ते के डिब्बों की पैकिंग का काम करता था। शव को सुरक्षित रखने और पोस्टमार्टम के लिए राव तुलाराम मेमोरियल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।
पुलिस ने इन धाराओं में किया मामला दर्ज
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने स्विमिंग पूल और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। मामले की जांच के तहत राहुल के दोस्तों और घटनास्थल पर मौजूद अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उपायुक्त कुशलपास सिंह ने बताया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) (लापरवाही से मौत) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।