{"_id":"62c6e83c98ff4d3d3e1df41f","slug":"man-attacked-a-woman-and-her-two-daughters-with-a-knife-in-delhi-dwarka","type":"story","status":"publish","title_hn":"पहले केक फिर पेट पर चला चाकू: बर्थडे पार्टी में खाना खत्म होने पर हुआ खूनी खेल, मां और बेटियों पर विक्की का जानलेवा अटैक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पहले केक फिर पेट पर चला चाकू: बर्थडे पार्टी में खाना खत्म होने पर हुआ खूनी खेल, मां और बेटियों पर विक्की का जानलेवा अटैक
Thu, 07 Jul 2022 07:35 PM IST
Vikas Kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Vikas Kumar
Updated Thu, 07 Jul 2022 07:35 PM IST
सार
मालती की चीख पुकार करने पर उसकी बेटी नीलम और सपना उसके बचाव में पहुंची। आरोपी ने नीलम के पेट में चाकू घोंप दिया। इससे उसकी अंतड़ियां बाहर आ गई। वहीं, सपना पर भी हमला कर उसे भी घायल कर दिया।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : फाइल फोटो
विस्तार
द्वारका नार्थ इलाके में खाना देने से मना करने पर एक युवक ने महिला और उसके बचाव में आई दो बेटियों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घायल युवती की हालत नाजुक है। घटना को अंजाम देने के दौरान ही आस पास के लोगों ने आरोपी को दबोच कर उसकी पिटाई कर दी और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घायल महिला और उसकी दोनों बेटियों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। तीनों अभी बयान देने के स्थिति में नहीं हैं। पुलिस महिला की छोटी बेटी के बयान पर हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ में जुटी है।
विज्ञापन
घायलों की पहचान मालती और उनकी बेटियों नीलम और सपना के रूप में हुई है। बुधवार देर रात करीब 12.30 बजे पुलिस को भरत विहार ककरौला इलाके में एक महिला और उसकी बेटियों पर चाकू से हमला किए जाने की जानकारी मिली। मौके पर काफी भीड़भाड़ थी। लोगों ने इन पर हमला करने वाले आरोपी युवक को भी पकड़कर उसकी पिटाई कर दी थी। पुलिस ने घायल मां-बेटियों और आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया। मां बेटी बयान देने की स्थिति में नहीं थी। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद मालती की छोटी बेटी पुष्पा से घटना के बारे में पूछताछ की।
विज्ञापन
पुष्पा ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मां मालती, पिता परशुराम, चार बहनें और एक पांच साल के भाई विक्रम के साथ भरत विहार, ककरौला में रहती है। उसके माता-पिता मजदूरी करते हैं। बुधवार को उन लोगों ने भाई के जन्मदिन को लेकर एक छोटी सी पार्टी का आयोजन किया था। 12 बजे पार्टी समाप्त हो गई। सभी लोग चले गए। रात करीब 12.30 बजे पड़ोस में रहने वाला विक्की शराब के नशे में उसके घर पर आया और खाना देने के लिए कहा। मालती के खाना खत्म होने की बात कहने पर वह गाली गलौज करते हुए चला गया। करीब 10 मिनट बाद विक्की घर से चाकू लेकर आया और सबको मारने की धमकी देने लगा।
विज्ञापन
मालती के घर से बाहर आने पर आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। उस पर दो वार कर दिए। मालती की चीख पुकार करने पर उसकी बेटी नीलम और सपना उसके बचाव में पहुंची। आरोपी ने नीलम के पेट में चाकू घोंप दिया। इससे उसकी अंतड़ियां बाहर आ गई। वहीं, सपना पर भी हमला कर उसे भी घायल कर दिया। चाकू लगने से घायल मालती और नीलम वहीं गिर गईं। शोर-शराबा होने पर वहां पहुंचे लोगों ने आरोपी को दबोचकर उसकी पिटाई कर दी। इसी दौरान पुलिस की गाड़ियां मौके पर पहुंची और सभी को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।