मोदी सुनामी में बही आप के बड़े नेताओं की वीआईपी सीटें, कांग्रेस से भी नहीं कर पाए मुकाबला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव में आई मोदी सुनामी में दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के बड़े नेताओं की सभी नौ वीआईपी सीटें बह गईं। भाजपा को हराने के दावे करने वाले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित पांच मंत्री और विस अध्यक्ष रामनिवास गोयल अपने विधानसभा क्षेत्र में भाजपा तो क्या, कांग्रेस से भी मुकाबला नहीं कर पाए। इन सभी के विधानसभा क्षेत्रों में आप तीसरे नंबर पर खिसक गई। वहीं, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और दो मंत्री ही कांग्रेस को बढ़त रोक पाए।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विधानसभा क्षेत्र नई दिल्ली में आप प्रत्याशी बूजेश गोयल दूसरे नंबर पर रही कांग्रेस से भी 11572 मतों से पिछड़ गए। उन्हें भाजपा से 52,534 मत कम मिले। आप के पंकज गुप्ता को मात्र 14740 मत मिले। भाजपा की मीनाक्षी लेखी को 54004 व कांग्रेस के अजय माकन को 26312 मत मिले। मंत्री गोपाल राय अपनी बाबरपुर सीट पर कांग्रेस की शीला दीक्षित को नहीं रोक पाए। यहां आप के दिलीप पांडेय उनसे 44663 मतों से पिछड़ गए। उन्हें भाजपा से 45263 कम मत हासिल हुए। यहां दिलीप पांडेय को 12564, शीला दीक्षित को 57227 व भाजपा के मनोज तिवारी को 57827 मत मिले।
दिल्ली सरकार के सीमा पुरी से तीसरे मंत्री राजेंद्र पाल गौतम भी पार्टी को बढ़त दिलाने में नाकाम रहे। उनकी सीट पर दिलीप पांडेय कांग्रेस से 18367 और भाजपा से 38525 मतों से पिछड़े। दिलीप पांडेय को मात्र 21615 मत मिले। शीला दीक्षित को 39982 व मनोज तिवारी को 60140 मत मिले। नजफगढ़ से मंत्री कैलाश गहलोत की सीट पर भाजपा ने आप को 77534 मतों से पीछे धकेल दिया। यहां आप के बलवीर सिंह जाखड़ को 22302, जबकि भाजपा के प्रवेश वर्मा को 99836 मत मिले। कांग्रेस के महाबल मिश्रा आप से कुछ ही ऊपर 23354 वोट लेकर दूसरे नंबर पर रहे।
विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के क्षेत्र में पिछड़ी पार्टी
दिल्ली सरकार के पांचवें मंत्री इमरान हुसैन अपनी बल्लीमारान सीट पर पार्टी प्रत्याशी पंकज गुप्ता को भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों के करीब भी नहीं ला पाए। गुप्ता कांग्रेस के अजय माकन से 40733 मतोें से पिछड़े। इस मुस्लिम सीट पर आप को मात्र 8306 ही मत मिले। अजय माकन 49036 मत लेकर पहले तो भाजपा के डॉ. हर्षवर्धन 33723 मत लेकर दूसरे स्थान पर रहे।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया अपनी पटपड़गंज सीट से भले आप प्रत्याशी आतिशी को दूसरे नंबर पर लाने में कामयाब रहे, लेकिन वे भाजपा से 61173 मतों से पिछड़ीं। आतिशी को 24997, भाजपा के गौतम गंभीर को 86150 और कांग्रेस के अरविंद्र सिंह लवली 20434 मत लेकर तीसरे स्थान पर रहे। शकूर बस्ती विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल कर मंत्री बने सतेंद्र जैन आप प्रत्याशी पंकज जैन को दूसरे नंबर पर ले आए, लेकिन वे भाजपा से 44121 मतों से पिछड़ गए। इस सीट पर आप को 17288 तो भाजपा के हर्षवर्धन को 61409 मत मिले। कांग्रेस के जयप्रकाश अग्रवाल को 16699 मत मिले।
विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल और उपाध्यक्ष राखी बिड़लान की सीट पर भाजपा ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। अध्यक्ष की सीट पर पार्टी प्रत्याशी तीसरे और उपाध्यक्ष की सीट पर दूसरे नंबर पर रहा। अध्यक्ष की शाहदरा विस सीट पर आतिशी को मात्र 18922 मत मिले, जबकि भाजपा के गौतम गंभीर ने 70932 मत लेकर आप को 52010 मतों से पीछे कर दिया। कांग्रेस के लवली 26551 मत लेकर दूसरे स्थान पर रहे। राखी बिडलान की सीट पर आप के गुगन सिंह को 29720 मत मिले। भाजपा के हंसराज हंस ने 68430 मत लेकर आप को 38710 से पछाड़ा। कांग्रेस के राजेश लिलोठिया 20738 मत लेकर तीसरे स्थान पर रहे।