दिल्ली: 25 फीसदी महंगी होगी शराब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इन दिनों महंगाई के बढ़ने की चर्चा चारों ओर है। कहा जा रहा है कि प्याज के दाम भी आंखों में आंसू ला सकते हैं पर इन सबके बीच एक चीज और है जिसके दाम दिल्ली में बढ़ने वाले हैं।
दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने सभी तरह के शराब पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने वाले प्रस्ताव पर अपनी मुहर लगा दी है। इसमें बियर समेत भारत में बनी विदेशी शराब भी शामिल है जिनपर क्रमशः 30 और 15-20 प्रतिशत एक्साइज ड्यूटी बढ़ जाएगी। यह खबर उनके लिए तो बिल्कुल भी खुशी की नहीं है जो रोजाना शराब का सेवन करते हैं।
ऐसे लोगों को अब अपनी जेबें 25-30 प्रतिशत तक ढीली करनी पड़ सकती हैं। अधिकारी बताते हैं कि इस बार दाम में जो बढ़ोतरी हुई है वो पिछले कुछ सालों में हुई सबसे ज्यादा बढ़ोतरी है।
25-30 प्रतिशत तक होंगे महंगे
शराब की बढ़ी हुई कीमतें जुलाई से लागू होंगी। अगर हम ब्रांड के हिसाब से देखें तो एक किंगफिशर की बीयर की बॉटल जो अबतक 60 रुपए की मिलती है वो दाम बढ़ने के बाद 75 से 80 रुपए की मिलेगी। एक विस्की की बॉटल जो अभी 610 रुपए की मिलती है वो एक्साइज ड्यूटी बढ़ जाने के बाद 700 रुपए से कम की नहीं मिलेगी।
वहीं रॉयल स्टैग विस्की 350 की बजाय 410 रुपए तक में मिलेगी और फॉस्टर की स्ट्रॉन्ग बीयर अब 90 रुपए प्रति कैन मिलेगी। अगर हरियाणा में मिलने वाले शराब के दाम की तुलना उससे सटे दिल्ली से की जाए तो दिल्ली में पहले ही शराब बहुत महंगी मिलती है और अब एक्साइज ड्यूटी के दाम बढ़ जाने से यह अंतर और बढ़ जाएगा।
अब अगर कोई ये सोचे कि वो हरियाणा से लाकर दिल्ली में इसका सेवन कर सकता है तो वो सावधान हो जाएं क्योंकि 1 लीटर से ज्यादा शराब दूसरे राज्य से लाना गैर-कानूनी है।
विदेशी ब्रांड के नहीं बढेंगे दाम
एलजी कार्यालय के उच्चस्तरीय सूत्रों के अनुसार एलजी नजीब जंग ने दिल्ली एक्साइज विभाग के उस प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कर दिए हैं जिसमें शराब की एक्साइज की ड्यूटी बढाने की बात है और इस संबंध में अधिसूचना कभी भी जारी हो सकती है।
एक्साइज विभाग के सूत्रों का कहना है कि एलजी कार्यालय से सहमति मिलने के बाद लाइट और स्ट्रॉन्ग बीयर पर एक्साइज ड्यूटी 120 प्रतिशत से 170 प्रतिशत तक बढ़ जाएगी। भारत में बनी विदेशी शराब की एक्साइज ड्यूटी भी 170 से 225 प्रतिशत तक बढ़ जाएगी।
कुल मिलाकर यह बढ़ोतरी 55 प्रतिशत तक की होगी जो कि इनके बाजार मूल्य पर 15 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करेगी। हालांकि एक बात गौर करने वाली है कि इस बढ़ोतरी का कोई असर विदेशी शराबों पर नहीं होगा। सूत्रों के अनुसार विदेशी ब्रांड पहले ही इतने महंगे हैं कि इनके दाम और नहीं बढ़ाए जा सकते।