केजरीवाल की PM से विनती, 'क्या हम दो महीने बाद नहीं लड़ सकते?'
दिल्ली के उपराज्यपाल और सीएम अरविंद केजरीवाल के बीच एक बार फिर जंग छिड़ती नजर आ रही है। उपराज्यपाल नजीब जंग ने आईएएस समेत सभी अधिकारियों को दिल्ली सरकार के आदेश न मानने की हिदायत दी है।
उपराज्यपाल ने मेमोरेंडम जारी करते हुए ऐसा आदेश इसलिए दिया है क्योंकि केंद्र सरकार ने इन्हें अमान्य (नल एंड वॉयड) करार दिया है।
उपराज्यपाल ने इस मेमोरेंडम में कहा है कि केंद्र सरकार के आदेश के खिलाफ अगर कुछ भी कहा गया है तो इसे रद्द कर दिया जाए और जो अधिकारी इसका पालन नहीं करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
'अभी सब डेंगू से मिलकर लड़ते हैं न'
एलजी के आदेश में ये भी कहा गया है कि भारत सरकार के आदेश का उल्लंघन करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के साथ ही यदि कोई वित्तिय क्षति होती है तो उसका भी दंड भोगना पड़ेगा।
एलजी के इस आदेश के बाद केजरीवाल ने कहा है कि राज्य डेंगू के संकट से गुजर रहा है और एलजी ऐसे आदेश दे रहे हैं। इसके लिए भी एलजी कह रहे हैं कि ऐसा वो केंद्र सरकार के आदेश पर कर रहे हैं।
केजरीवाल ने एलजी व केंद्र सरकार से विनती करते हुए कहा है कि इन मुद्दों पर क्या हम 2 महीने बाद नहीं लड़ सकते? अभी सब मिलकर डेंगू से लड़ते हैं न। इसके सात ही केजरीवाल ने पीएम मोदी को चिट्ठी भी लिख दी है जिसमें उन्होंने पीएम से यही विनती की है।