महिला को बच्ची दिलाने पहुंचे थे पुलिसवाले, ससुरालवालों ने छोड़ दिए कुत्ते
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोर्ट के आदेश पर शनिवार को एक मां को ससुराल से उसकी बच्ची सुपुर्द कराने पहुंचे सिहानी गेट पुलिसकर्मियों पर एक परिवार ने कुत्ते छोड़ दिए। यही नहीं महिला के पति ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता भी की। इसके बाद पुलिस महिला के पति को पकड़कर थाने ले आई। बच्ची की मां का आरोप है कि उसकी मासूम बेटी को लेकर उसकी बुआ और चाचा लेकर भाग गए।
सिहानी गेट थाना क्षेत्र के घूकना में रहने वाली कविता की शादी लोहिया नगर स्थित पीले क्वार्टर में रहने वाले अरुण शर्मा से नवंबर 2015 में हुई थी। शादी के बाद कविता को बेटी हुई। इसके कुछ माह बाद से कविता का पति से विवाद चल रह है।
आरोप है कि पिता की मौत पर भी ससुराल वालों ने कविता को उसके घर नहीं जाने दिया और प्रताड़ित करते रहे। अब कई माह से कविता अपने मायके में रह रही है, लेकिन उसकी करीब छह माह की बेटी को पति ने छीन लिया।
कविता ने कोर्ट से गुहार लगाई तो 24 अक्तूबर को कोर्ट ने 10 दिन में बच्ची को मां के सुपुर्द कराने के पुलिस को आदेश दिए। शनिवार को कविता अपनी मां के साथ सिहानी गेट एसएचओ संजय पांडेय से मिली और कोर्ट के आदेश का हवाला दिया।
एसएचओ ने कविता के साथ एक दरोगा और दो सिपाहियों को लोहिया नगर कविता के पति के घर भेजा। पुलिसकर्मियों का कहना है कि कविता के ससुराल वालों ने बच्ची को सुपुर्द करने की बजाय अभद्रता की और दो कुत्ते उनके पीछे छोड़ दिए।
इसके बाद अतिरिक्त पुलिसकर्मी बुलाए गए और कविता के पति अरुण को पकड़कर थाने ले आए। एसएचओ का कहना है कि बच्ची को मां के सुपुर्द न किया गया तो अरुण के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की रिपोर्ट भी दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी।