चाउमीन खरीदने जा रहे दो बच्चों को प्रसाद खिलाकर किया किडनैप, बदमाशों से जान बचाकर यूं भागे
घर से चाऊमिन लेने निकले दो बच्चों को नशीला पदार्थ खिलाकर बदमाशों ने अपहरण कर लिया। अपहरणकर्ता उन्हें वैन में डालकर दिल्ली की ओर ले जाने लगे, मगर रास्ते में उनमें से एक को होश आ गया।
उसने अपने दोस्त को भी उठाया और ट्रैफिक में वैन धीमी होने पर उसमें कूद कर भाग गए। दोनों वहां से तुगलकाबाद मेट्रो स्टेशन पहुंचे और वहां मौजूद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान को सारी घटना बताई।
सीआईएसएफ ने बच्चों के परिजनों को घटना की सूचना दी। थाना सराय ख्वाजा पुलिस ने बच्चों के अपहरण का मामला दर्ज कर बच्चों को उनके परिजनों को सौंप दिया है। हालांकि प्रथम दृष्टया पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है।
सूर्या विहार, पल्ला निवासी मुकेश चौहान और धर्मवीर यादव के मकान आसपास हैं। गत 30 अप्रैल को इनके बेटे क्रिश (10 वर्ष) और अमन (11 वर्ष) साथ में खेल रहे थे।
क्रिश सेक्टर-28 स्थित जॉन एफ कैनेडी स्कूल की सातवीं कक्षा का छात्र है, जबकि अमन तरुण निकेतन स्कूल की छठी कक्षा में पढ़ता है। इस दौरान अमन को परिजनों ने पैसे दिए और चाऊमिन लेने के लिए भेजा।
दोनों चाऊमिन लेने के लिए जा रहे थे तो रास्ते में उन्हें दो व्यक्ति मिले। उन्होंने बच्चों को प्रसाद खाने को दिया। बच्चों ने भी मना नहीं किया और उनसे प्रसाद लेकर खा लिया।
ऐसे भागे जान बचा कर
अमन ने बताया कि उसे खाने के कुछ ही देर बाद उनको चक्कर आने लगे और फिर उन्हें पता नहीं उनके साथ क्या हुआ। क्रिश ने बताया कि उसे होश आया तो उसने देखा कि दोनों एक वैन में हैं और अमन बेहोश पड़ा है।
वैन में वह दोनों व्यक्ति सवार थे, जिन्होंने उन्हें प्रसाद खाने को दिया था। क्रिश को समझते देर नहीं लगी कि उनका अपहरण कर बदमाश अपने साथ ले जा रहे हैं।
उसने चुपचाप अमन को हिलाना शुरू हुआ किया। अमन भी होश में आ गया और उन्होंने कार से कूदकर भागने का प्लान बनाया। क्रिश के अनुसार वैन काफी पुरानी थी और उसका दरवाजा ढंग से बंद नहीं था।
अचानक ट्रैफिक होने के कारण वैन धीरे हुई तो वे दोनों दरवाजा खोल कर कूद गए और दौड़ लगा दी। वैन से कूदने के दौरान अमन के घुटनों में और क्रिश की एड़ी में चोट आई है। दोनों ने वहां से दौड़ लगा दी।
उन्होंने सामने तुगलकाबाद मेट्रो स्टेशन दिखाई दिया और दोनों उसके अंदर चले गए। वहां उन्हें एक सीआईएसएफ का जवान दिखाई दिया तो उन्होंने उसको सारी बात बता दी।
वे उसे अपने कमांडेंट के पास ले गए और दोनों के परिजनों को फोन कर घटना के बारे में बताया गया। इधर पिछले तीन घंटे से बच्चों के गायब होने से वहां हंगामा मचा हुआ था।
परिवार के लोग दोनों को पार्कों, उनके दोस्तों के घर और यहां वहां ढूंढ रहे थे। बच्चों के अपहरण होने के बारे में उन्हें जैसे ही पता चला, वे तुगलकाबाद मेट्रो स्टेशन पहुंचे।
वहां से सीआईएसएफ जवान के साथ दोनों बच्चों व उनके परिजनों को थाना सराय ख्वाजा भेजा गया। पुलिस ने बच्चों के पिता के बयान पर अपहरण का मामला दर्ज कर उनके सुपुर्द कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।