पीएम से बोले केजरीवाल- हम आपका सपना करेंगे साकार
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। पीएम मोदी से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में सीएम ने बताया कि उन्होंने पीएम से दिल्ली सरकार के सहयोग की अपील की है।
केजरीवाल के मुताबिक केजरीवाल दिल्ली सरकार के ऑर्डर रोक दिए जाते हैं । पिछले 6 महीनों में जब से आप सरकार बनी है तब से 25 से 30 ऐसे फैसले रहे, जिन्हें केंद्र सरकार ने बदला है।
उन्होंने पीएम से इस बारे में पूछा कि क्या गुजरात में भी उनके साथ बतौर मुख्यमंत्री ऐसा ही होता था, जैसा कि दिल्ली सरकार के साथ हो रहा है। केजरीवाल ने पीएम से कहा कि जब आप विदेशों में जाते हैं तो वहां साफ-सफाई देखते हैं और उस जगह का नाम होता है।
'सरकार से युद्ध लड़ रही दिल्ली पुलिस'
लेकिन जब विदेश से कोई राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री दिल्ली आता है तो वो गंदगी देखता है। सीएम ने कहा, आपका सपना स्वच्छ भारत का है, इस सपने को साकार करने के लिए वे पीएम का साथ दे सकते हैं।
अगर केंद्र सरकार से उन्हें सहयोग मिला तो वे दिल्ली को चमका देंगे। सीएम ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा कि हमें विचारधाराओं को अलग रखते हुए साथ काम करना चाहिए।
अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली पुलिस की भी शिकायत की। केजरीवाल ने बताया कि पुलिस, दिल्ली सरकार के खिलाफ युद्ध लड़ रही है। एसीबी पर भी कब्जा किया जा चुका है। साथ ही उनके एक-एक विधायक को जेल भेजा जा रहा है।