कपिल ने ACB को सौंपे टैंकर घोटाले से जुड़े दस्तावेज, कहा- मैं शिकायतकर्ता के साथ गवाह भी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर मंत्री सतेंद्र जैन से दो करोड़ रुपये लेने का गंभीर आरोप लगाने के बाद मंत्री पद से हटाए गए आप विधायक कपिल मिश्रा सोमवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) पहुंचे। हाथ में पीला लिफाफा लेकर पहुंचे कपिल ने मीडिया से कहा कि इसी में जलबोर्ड टैंकर घोटाले से जुड़े दस्तावेज है, जिसमें घोटाले की जांच को रूकवाने के लिए केजरीवाल के खिलाफ शिकायतों का जिक्र है।
कपिल ने आरोपों को झूठा कहने पर सतेंद्र जैन और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ खुद का भी लाई डिटेक्टर टेस्ट कराने को कहा।
करीब 45 मिनट तक एसीबी अधिकारियों से मिलकर बाहर निकले कपिल मिश्रा ने बताया कि टैंकर घोटाले से जुड़ी खास जानकारी एसीबी अधिकारियों को दे दी है। इससे स्पष्ट होता है कि किस तरह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके दो सहयोगी आशीष तलवार और विभव कुमार ने जांच प्रभावित कर और अभियुक्त शीला दीक्षित को बचाने की कोशिश की। ये सारी जानकारी मैंने एसीबी को दे दी है।
उन्होंने बताया कि एसीबी इस मामले की जांच करके कुछ दिनों में मुझे दोबारा बुलाएगी। मैंने इस मामले में शिकायकर्ता और गवाह बनकर एसीबी को सभी जानकारी देने का भरोसा दिया है। कपिल ने कहा कि अब मैं इस मामले में शिकायतकर्ता के साथ गवाह भी हूं।
केजरीवाल के खिलाफ सीबीआई में कल करेंगे शिकायत
केजरीवाल पर दो करोड़ रुपये लेने के आरोप के सवाल पर उन्होंने कहा कि एसीबी में जलबोर्ड टैंकर घोटाले के लिए आए थे। दो करोड़ रुपये के मामले की जांच के लिए वह सीबीआई के पास जाएंगे। उन्होंने सीबीआई से समय मांगा है। आरोप के झूठा कहने वालों पर कपिल मिश्रा ने कहा कि अगर यह आरोप झूठे है तो मेरे साथ सतेंद्र जैन और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का लाई डिटेक्टर टेस्ट कराया जाना चाहिए। पता चल जाएगा कौन झूठ बोल रहा है।
कपिल मिश्रा जब एसीबी अधिकारियों के साथ थे उसी समय बिग बॉस में गए बाबा ओमजी भी एसीबी दफ्तर पहुंचे। उन्होंने एक किताब दिखाते हुए कहा कि मैंने शुरू से ही इस पार्टी और केजरीवाल को देशद्रोही और अमेरिकी एजेंट बताया था। बाबा ने कहा है कि मैं भी एसीबी अधिकारियों से मिलकर केजरीवाल और उसकी पार्टी के खिलाफ कार्रवाई की शिकायत करूंगा।
इस मामले में एसीबी चीफ एमके मीणा ने बताया कि कपिल मिश्रा ने टैंकर घोटाले से जुड़े दस्तावेज दिए हैं। केजरीवाल के 2 करोड़ लेने के बारे में उन्होंने कोई सबूत नहीं दिए। एससीबी कपिल मिश्रा का बयान दर्ज कराएगी।