छेड़छाड़ की शिकायत को अनसुना कर रही थी पुलिस, एक ट्वीट पर ASI समेत दो निलंबित
इसके बाद पुलिस हरकत में आई और एक एएसआई व हवलदार को निलंबित कर दिया। शुक्रवार शाम को पीड़िता ने थाने में पहुंचकर शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी रिक्शा चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, जामिया मिल्लिया इस्लामिया में प्रथम वर्ष की छात्रा 22 वर्षीय पीड़िता बृहस्पतिवार शाम कश्मीरी गेट से मेट्रो ट्रेन में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची। उसने एक रिक्शा चालक से पहाड़गंज जाने की बात की तो उसने 170 रुपये मांगे। किराया ज्यादा होने की बात कह उसने दूसरे रिक्शा चालक से पूछा तो उसने दो सौ रुपये मांगे।
छात्रा ने उसके रिक्शा पर बैठने से इनकार किया तो रिक्शा चालक गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ पकड़कर जबरदस्ती छात्रा को रिक्शा पर बिठाने लगा। इस पर छात्रा ने उसे पानी की बोतल से मारा। इस पर रिक्शा चालक हाथापाई करने लगा। छात्रा ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। काफी देर तक पुलिस नहीं आई। छात्रा लगातार पुलिस से संपर्क करती रही, लेकिन कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।
इसके बाद छात्रा वहां से चली गई और ट्विटर पर पूरी घटना लिखकर दिल्ली पुलिस के अधिकारियों, उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री को टैग कर दिया। जानकारी मिलते ही आला अधिकारी हरकत में आए और घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद एएसआई और जिस हवलदार को जांच मिली थी, उसे निलंबित कर दिया। पुलिस ने छात्रा से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
शुक्रवार शाम छात्रा नई दिल्ली रेलवे स्टेशन थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने रिक्शा चालक खुर्शीद को गिरफ्तार कर लिया। खुर्शीद दरभंगा बिहार का रहने वाला है और पहाड़गंज में रहता है। पुलिस के अनुसार, घटना के समय आरोपी नशे में था।