राजधानी में लगेगा देश का पहला इंटरनेशनल ट्रेवल बाजार, दिल्ली सरकार बनी भागीदार
दिल्ली के प्रगति मैदान में पहला भारत इंटरनेशनल ट्रेवल बाजार (बीआईटीबी) 4 अक्तूबर से लगेगा। दिल्ली सरकार बीआईटीबी और आईटीबी के इस बाजार में सहयोगी राज्य की भूमिका में होगी।
पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा की। मिश्रा ने यह भी साफ किया कि देश-विदेश के पर्यटन विशेषज्ञ और संस्थाओं के बीच दिल्ली सरकार का ब्रांड दिल्ली अभियान का प्रमोशन (प्रोमो) भी लांच करेंगे।
कपिल मिश्रा ने बताया कि यह दिल्ली के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अच्छा अवसर है। आईटीबी का आयोजन बर्लिन, सिंगापुर में हुआ है। अगले साल चीन के शंघाई में होना है।
प्रगति मैदान में 4 अक्तूबर से होगी शुरुआत
उससे पहले दिल्ली में इसका आयोजन रखा गया है। ऐसे में दिल्ली पर्यटन विभाग दिल्ली ब्रांडिंग को बढ़ावा देगी और पर्यटन को विश्वभर में बढ़ाने के रास्ते भी देखेगी।
ट्रेवल इंडस्ट्री एक्सपर्ट केबी कचारु, राकेश माथुर, कपिल कौल व नवीन वैरी दिल्ली के प्रगति मैदान में शुरू होने वाले बीआईटीबी 2016 के दिल्ली चैप्टर की अगुवाई कर रहे हैं।
इन्होंने बताया कि 5 हजार वर्ग मीटर में बीआईटीबी के प्रस्तावित आयोजन में होटल व ट्रेवलिंग से जुड़ी एजेंसी आएंगी। 12 देशों की भागीदारी में प्रदर्शनी के साथ-साथ कांफ्रेंस भी आयोजित की जाएगी। क्रिडिबल इंडिया और मेक इन इंडिया ने आयोजन को समर्थन दिया है।