दुनिया को है इस भारतीय हवाई अड्डे पर नाज
हर साल ढाई से चार करोड़ यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं मुहैया कराने के लिए नई दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट दुनिया के सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट में शुमार हो गया है। पिछले तीन सालों से लगातार दूसरे स्थान पर रहने वाले इस एयरपोर्ट को एयरपोर्ट काउंसिल इंटरनेशनल ने सर्वश्रेष्ठ हवाई अड्डा घोषित किया है।
राजधानी का आईजीआई एयरपोर्ट लगातार कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। विश्व के हवाई अड्डों में इसे एक खास वर्ग में पहला दर्जा प्राप्त हो गया है। आईजीआई ने यह दर्जा सियोल के इंचियोन एयरपोर्ट को पीछे छोड़कर हासिल किया है।
बता दें कि पिछले तीन साल से इंचियोन एयरपोर्ट लगातार पहले पायदान पर था। लेकिन अब दिल्ली का आईजीआई एयरपोर्ट अव्वल हो गया है। इस एयरपोर्ट को कुल 34 पैमाने पर चेक किया गया।
भारतीय उड्डयन क्षेत्र के लिए एतिहासिक दिन
जिसमें इसको कस्टम क्लीयरेंस, इमीग्रेशन, सीआईएसएफ, एयरलाइंस, ग्राउंड्स हैंडल क्लीयरेंस, सुविधायुक्त वेटिंग एरिया, बिजनेस लाउंज, शॉपिंग फैसिलिटी आदि पर खरा पाया गया।
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ प्रभाकर राव ने बताया कि एयरपोर्ट काउंसिल इंटरनेशनल की यह घोषणा भारतीय उड्डयन क्षेत्र के लिए एतिहासिक दिन है।
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रियों को दी जाने वाली बेहतर सुविधा की पूरे विश्व में चर्चा है। 2007 में एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (एएसक्यू) का स्कोर जहां 3.2 था वहीं, 2014 में यह स्कोर बढ़कर 4.90 तक पहुंच गया। यही वजह है कि इंचियोन को पीछे छोड़ यह पहले पायदान पर पहुंच गया है।