सिमी कार्यकर्ता से मिल रही थी भारत के लादेन को मदद
विस्तार
भारत के लादेन अब्दुल सुभान कुरैशी उर्फ तौकीर उर्फ लादेन को भारत में सिमी कार्यकर्ता से मदद मिल रही थी। उसने ही इसे पिस्टल व गाड़ी उपलब्ध कराई थी। तौकीर के सऊदी अरब से लौटने के बाद यह कार्यकर्ता काफी दिन उसके साथ रहा।
स्पेशल सेल की पूछताछ में तौकीर ने यह खुलासा किया है। पुलिस अधिकारी सिमी जैसे प्रतिबंधित संगठन के फिर खड़ा होने की बात से चिंतित हैं। स्पेशल सेल के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, बहराइच के पास के रहने वाले इस मददगार को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।
यूपी पुलिस की टीमें भी इसके पीछे लगी हैं। सिमी के कुछ कार्यकर्ता तराई क्षेत्र के रहने वाले हैं। तौकीर ने बताया कि वह बम धमाकों के लिए आतंकी खुद तैयार कर रहा था। बंगलूरू के चर्च स्ट्रीट ब्लास्ट के आरोपी आलमजेब आफरीदी का हैंडलर तौकीर ही है।
तौकीर ने दी बम बनाने व धमाके की ट्रेनिंग
तौकीर ने ही उसे बम बनाने व धमाके करने की ट्रेनिंग दी। गुजरात बम धमाकों का आरोपी मुजीब शेख आलमजेब आफरीदी का भाई है। मुजीब शेख व तौकीर में दोस्ती थी। दोनों मीरा रोड, मुंबई में एक साथ रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तौकीर बम बनाने व हथियार चलाने की ट्रेनिंग खुद देता था। उसने केरल के वागावोन, मध्य प्रदेश और कर्नाटक में आतंकी ट्रेनिंग कैंप लगाए थे। वागावोन का कैंप तीन दिन का था। इस बाबत एनआईए ने वर्ष 2008 में तौकीर के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
तौकीर को पकड़े कई दिन हो गए हैं, मगर एनआईआर अब तक उससे पूछताछ करने लोधी कॉलोनी स्थित स्पेशल सेल के कार्यालय नहीं पहुंची है। शनिवार को तौकीर से पूछताछ करने हैदराबाद, मुंबई, पश्चिमी बंगाल और लखनऊ, यूपी की पुलिस टीमें पहुंचीं।