पनामा पेपर खुलासे के बाद दिल्ली के तीन व्यापारियों के घर पहुंचा आयकर विभाग
विदेश में बेनामी संपत्तियों में निवेश से संबंधित पनामा पेपर खुलासे के बाद दिल्ली के तीन व्यापारी अब निशाने पर हैं। आयकर विभाग ने पूछताछ के लिए इन तीनों व्यापारियों के घरों के दरवाजे खटखटाए हैं।
आयकर अधिकारियों ने बताया है कि विभाग सबसे पहले उन लोगों का सर्वे कर रही है जिन्होंने अधिकारियों को लिखित में यह बात कही है कि उनका टैक्स बचाने के लिए बनाई गई कंपनियों से कोई लेना देना नहीं है।
आयकर अधिकारियों के अनुसार उनकी जांच पड़ताल मंगलवार को दोपहर में शुरू हुई थी जो देर रात तक चली। अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस में छपी खबर के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है कि जहां सर्वेक्षण किया गया वहां उनके डॉक्यूमेंट्स, कंप्यूटर और लैपटॉप आदि जब्त कर लिए गए हैं।
व्यापारियों को भेजी गई प्रश्नावली
अधिकारियों ने बताया है कि दिल्ली के जिन तीन व्यापारियों का सर्वे किया गया उनमें से दो तो ऐसे हैं जिन्होंने टैक्स बचाने के लिए ब्रिटिश वर्जिन आईलैंड में कंपनी बनाई थी। वहीं, तीसरे व्यापारी ने संयुक्त अरब अमीरात में कंपनी बनाई थी।
इन तीनों ही व्यापारियों से आयकर विभाग ने पहले भी बात की थी। बता दें कि पनामा पेपर खुलासे में जिन लोगों का भी नाम सामने आया है विभाग ने सबको एक स्टैंडर्ड प्रश्नावली का सेट भेजा है। इसके साथ ही कुछ खास प्रश्नों का एक सेट अलग से भी भेजा गया है जिसमें उनसे संदेहास्पद कंपनियों से उनके संबंधों के बारे में भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।
अब तक आयकर विभाग ने पनामा पेपर में शामिल हुए 160 लोगों की पहचान कर ली है जिनकी स्क्रूटनी करनी है।