Delhi-NCR AQI: बारिश ने धोया प्रदूषण का दाग, गाजियाबाद में बही सबसे साफ हवा, जानें कहां कितना रहा एक्यूआई
लगातार हो रही बारिश के बीच बीते 24 घंटे में नोएडा को छोड़कर सभी शहरों की हवा साफ श्रेणी में दर्ज हुई है। वहीं, नोएडा की हवा संतोषजनक श्रेणी में रही है। वायु मानक एजेंसियों का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में हवा की सेहत साफ से लेकर संतोषजनक श्रेणी में दर्ज की जाएगी।
विस्तार
दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही बारिश ने हवा पर लगे प्रदूषण के दाग को धो दिया है। इस कड़ी में बीते 24 घंटे में नोएडा को छोड़कर सभी शहरों की हवा साफ श्रेणी में दर्ज हुई है। वहीं, नोएडा की हवा संतोषजनक श्रेणी में रही है। वायु मानक एजेंसियों का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में हवा की सेहत साफ से लेकर संतोषजनक श्रेणी में दर्ज की जाएगी। हालांकि, बारिश का दौर थमते ही हवा की सेहत बिगड़ने लगेगी।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, दिल्ली की हवा 48 एक्यूआई के साथ साफ श्रेणी में दर्ज हुई है। वहीं, गाजियाबाद की 14 एक्यूआई के साथ सबसे साफ दर्ज हुई है। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा की हवा 23 एक्यूआई के साथ साफ रही। केंद्र की वायु मानक संस्था सफर इंडिया के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 2.5 से बड़े कणों की पीएम 10 में 50 फीसदी हिस्सेदारी रही है।
पीएम 10 का स्तर 19 व पीएम 2.5 का स्तर 11 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर के साथ साफ श्रेणी में रहा। भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक, रविवार को मिक्सिंग हाइट का स्तर 650 मीटर रहा। अगले 24 घंटे में यह 900 मीटर तक रह सकता है। वहीं, मंगलवार तक यह 1150 मीटर तक रह सकता है। वहीं, रविवार को वेंटिलेशन इंडेक्स का स्तर 5500 वर्ग मीटर प्रति सेकेंड दर्ज किया गया। सोमवार को यह 6500 व मंगलवार तक 4500 वर्ग मीटर प्रति सेकेंड दर्ज किया जा सकता है।
दिल्ली-एनसीआर का एक्यूआई
दिल्ली- 48
फरीदाबाद- 36
गाजियाबाद- 14
ग्रेटर नोएडा- 23
गुरुग्राम- 32
नोएडा- 55