एकतरफा मोहब्बत: शादी के बाद लड़की ने बनाई दूरी, आगबबूला हुआ सिरफिरा आशिक, बात करने बुलाया और मार दी गोली
पुलिस ने बताया कि आरोपी दस हजार के वेतन पर पेपर फैक्टरी में काम करता है। पुलिस उससे पूछताछ कर पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात में इस्तेमाल पिस्टल उसे किसने मुहैया कराई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर पश्चिम जिले के मुखर्जी नगर में बृहस्पतिवार शाम एक युवक ने एकतरफा प्यार में युवती को गोली मार दी। उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना के बाद युवती से आरोपी के बारे में जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने उसे पकड़ने के लिए लोनी में दबिश दी, लेकिन आरोपी वहां से फरार हो गया। सर्विलांस के जरिए पुलिस ने आरोपी का पीछा किया और विश्वास नगर से गिरफ्तार कर लिया।
जिला पुलिस उपायुक्त उषा रंगनानी ने बताया कि आरोपी की पहचान विजय विहार, लोनी गाजियाबाद निवासी दीपक भाटी के रूप में हुई है। बृहस्पतिवार शाम पुलिस को मुखर्जी नगर स्थित बीबीएम डिपो के पास एक युवती को गोली मारे जाने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि घायल युवती को बाड़ा हिंदुराव अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है।
युवती ने पुलिस को बताया कि उसे दीपक भाटी ने गोली मारी है। आरोपी की पहचान होने के बाद जिले के स्पेशल स्टाफ निरीक्षक अमित कुमार ने एक टीम गठित की। आरोपी के फोन नंबर को पुलिस ने सर्विलांस पर लगाया। जिससे पुलिस को पता चला कि आरोपी लोनी में मौजूद है। पुलिस टीम ने तुरंत वहां दबिश दी। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गया था।
पुलिस टीम ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोपी लोनी से शाहदरा, कृष्णा नगर, भोलानाथ नगर और दिलशाद गार्डन होते हुए विश्वास नगर पहुंचा। पुलिस भी उसके पीछे पीछे विश्वास नगर पहुंची। पुलिस टीम को देखकर आरोपी बाइक छोड़कर भागने लगा। पुलिसकर्मी पीछा कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में दीपक ने बताया कि उसकी युवती से दोस्ती थी। वह उससे एकतरफा प्यार करता था। 2017 में उसकी शादी हो गई। उसके बाद से युवती उससे दूरी बनाने लगी, इससे वह गुस्से में था। बृहस्पतिवार शाम बातचीत के बहाने वह युवती को लेकर मुखर्जी नगर पहुंचा और उसे गोली मार दी।