University News: IIM के पूर्व छात्र कराएंगे CUET की तैयारी, यूजी-पीजी की सेमेस्टर परीक्षा से चूके छात्रों को अवसर
द मेंटर्स कैपिटल (आईआईएम के पूर्व छात्रों की कंपनी) बारहवीं के बच्चों को SUET की तैयारी करवाएंगे। वहीं, यूजी, पीजी की सेमेस्टर परीक्षा से चूके डीयू के विद्यार्थियों के लिए अगस्त में परीक्षा आयोजित होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली विश्वविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले इस बार कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेस टेस्ट (सीयूईटी) से होंगे। इसकी तैयारी के लिए सरकारी स्कूलों के बारहवीं के बच्चों को मंहगी कोचिंग की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। अब सरकारी स्कूलों के बच्चों को आईआईएम के पूर्व छात्र सीयूईटी की तैयारी कराएंगे। यह परीक्षा पास करने की रणनीति के लिए बच्चों का मार्गदर्शन करेंगे।
द मेंटर्स कैपिटल (आईआईएम के पूर्व छात्रों की कंपनी) ने सरकारी स्कूलों के बारहवीं के छात्रों को सीयूईटी की तैयारी के लिए सहायता प्रदान करने का प्रस्ताव दिल्ली सरकार को दिया है। द मेंटर्स कैपिटल ने अपनी टेस्ट सीरीज के माध्यम से मदद की पेशकश की है। यह सीरीज उनके विशेषज्ञों द्वारा तैयार की गई है और इससे छात्रों को परीक्षा के नए प्रारूप के बारे में जानने में मदद मिलेगी।
मेंटर्स कैपिटल की टीमें छात्रों को उनके प्रश्नों में और परीक्षा प्रारूप को समझने में मदद करने के लिए विभिन्न स्कूलों का दौरा करेंगी। इस दौरान वह परीक्षा पास करने की रणनीति तैयार करने में छात्रों का मार्गदर्शन भी करेंगी। ऐसे में शिक्षा निदेशालय ने सभी सरकारी स्कूल प्रमुखों को निर्देशित किया है कि वह इस जानकारी को अपने स्कूलों के छात्रों के बीच प्रसारित करें। स्कूल एक शिक्षक को स्कूल समन्वयक के रुप में नामित करें जो छात्रों को rscapital.com/cuetpackage के लिंक पर मेंटर्स कैपिटल के साथ पंजीकृत कराने में मदद करेगा।
डीयू: यूजी, पीजी की सेमेस्टर परीक्षा से चूके विद्यार्थियों को अवसर
दिल्ली विश्वविद्यालय ने मई जून में आयोजित यूजी-पीजी कोर्सेज की चौथी, छठी व आठवें सेमेस्टर की परीक्षा नहीं दे सके विद्यार्थियों के लिए परीक्षा अगस्त में होगी। ऐसे विद्यार्थियों के लिए प्रशासन परीक्षा का दूसरा चरण आयोजित करने जा रहा है। इससे पहले उन्हें 15 जुलाई तक परीक्षा फॉर्म भरने का समय दिया गया है। अब प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अगस्त में होने वाली दूसरे चरण की परीक्षा में ऐसे छात्र भी परीक्षा दे सकेंगे जो मई-जून में हुई परीक्षा के लिए परीक्षा फॉर्म नहीं भर सके थे। ऐसे छात्रों को भी परीक्षा फॉर्म 15 जुलाई शाम साढ़े पांच बजे तक भरना है। परीक्षा देने के लिए छात्र का परीक्षा फॉर्म भरना अनिवार्य है। पोर्टल पर दिए लिंक के माध्यम से उन्हें परीक्षा शुल्क का भुगतान भी करना होगा।
जेएनयू: कैंटीन, ढाबों के खिलाफ नहीं पर नियमों का पालन जरूरी
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की कुलपति प्रो. शांतिश्री धूलिपुड़ी ने बृहस्पतिवार को कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ढाबा और कैंटीन के खिलाफ नहीं है। प्रशासन चाहता है कि ढाबा और कैंटीन मालिक नियमों का पालन करें। वे अपने बिल का भुगतान करें ताकि विश्वविद्यालय को आर्थिक नुकसान न हो।
जेएनयू की कुलपति प्रो. शांतिश्री ने कैंपस स्थित कई ढाबों और कैंटीन को जगह खाली करने के लिए नोटिस दिए जाने के कुछ दिनों बाद कहा है कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस तरह के प्रतिष्ठानों के खिलाफ नहीं है। लेकिन उन्हें नियमों का पालन और बिल का भुगतान करना होगा। उन्होंने कहा कि परिसर में संचालित हो रहे इस तरह के प्रतिष्ठानों के मालिक अवैध रूप से काबिज हैं जिन्होंने वर्षों से अपना किराया या बिजली बिल का भुगतान नहीं किया है। विश्वविद्यालय उन्हें अपना बकाया किस्तों में चुकाने की अनुमति देने को तैयार है।
जून में विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन कैंटीन और ढाबा मालिकों को जगह खाली करने का नोटिस भेज कर उनसे 27 जून तक किराया अदा करने और 30 जून तक परिसर खाली करने को कहा था। हालांकि, विश्वविद्यालय ने अब तक इन प्रतिष्ठानों के मालिकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। प्रो. शांतिश्री ने इन ढाबों के स्वामित्व और वहां कार्यरत श्रमिकों से जुड़ी अस्पष्टता को लेकर भी चिंता जताई।
बिजली बिल का भुगतान कौन करेगा
कुलपति ने इन प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और वहां बाल मजदूरी या बंधुआ मजदूरी को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि, ढाबा बेहद गंदे हैं। उन्होंने बिजली बिल का भुगतान नहीं किया है। वे पानी के बिल का भुगतान नहीं करते। मेरे पास प्रतिवर्ष 36 करोड़ रुपये का बिजली बिल आ रहा है, कौन भुगतान करेगा।
जामिया: तय समय पर शुरू होगा आगामी शैक्षणिक सत्र
जामिया का शैक्षणिक सत्र 2022-23 तय समय से शुरू करेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने दो साल से बंद कैंपस को खोलने की तैयारियां शुरू कर दी है।
वैश्विक महामारी कोरोना के चलते मध्य मार्च 2020 से कक्षाओं को ऑनलाइन मोड में तब्दील किया गया था। उसके बाद 2021 सत्र के आखिरी सेमेस्टर में छात्रों को दोबारा कक्षाओं से जोड़ा गया था। आगामी शैक्षणिक सत्र 2022 में अब कैंपस दो साल बाद पूरी तरह से खुुलेगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, 16 जुलाई से कक्षाओं को सभी डिग्री प्रोग्राम के छात्रों को कक्षाओं से जोड़ा जा रहा है। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विभागों को क्लासरूम, लैब रूम, पंखे, वाटर कूलर, हॉस्टल, मेस समेत भवनों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया है।