बीटेक पास ठग: तीर्थ के लिए कहीं आप भी बुक तो नहीं कराने जा रहे हेलीकॉप्टर की टिकट, रहें सावधान, बन सकते हैं ठगी का शिकार
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की आईएफएसओ यूनिट ने ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी धार्मिक यात्राओं के लिए हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर ठगी करते थे।आरोपी यूपी के फिरोजाबाद, बिहार और पश्चिम बंगाल से लोगों को ठग रहे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अगर आप हेलीकॉप्टर के जरिये धार्मिक यात्रा करने की योजना बना रहे हैं तो जरा सावधान हो जाएं। कहीं ऐसा न हो कि आप भी किसी फर्जी वेबसाइट के झांसे में आकर अपनी रकम गंवा दें। जी हां, दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की आईएफएसओ यूनिट ने धार्मिक यात्राओं के लिए टिकट कराने वाली एक फर्जी वेबसाइट का खुलासा करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान नई आबादी, लक्ष्मी नगर, ककरऊ कोठी, फिरोजाबाद यूपी निवासी मास्टर माइंड दीपक ठाकुर, पश्चिम बंगाल निवासी जेकी प्रसाद कहर, पप्पू सिंह और विकाश कुमार भगत के रूप में हुई है। आरोपी यूपी के फिरोजाबाद, पश्चिम बंगाल और बिहार से ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। गैंग का मास्टर माइंड दीपक बीटेक इंजीनियर है। उसी ने ठगी के लिए वेबसाइट डिजाइन की थी। पिछले कुछ दिनों के भीतर गैंग ने देशभर के सैकड़ों लोगों से 20 लाख से अधिक की ठगी की है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ यूनिट के पुलिस उपायुक्त केपीएस मल्होत्रा ने बताया कि पिछले दिनों साइबर क्राइम पोर्टल पर हेलीकॉप्टर टिकट बुक कराने के नाम पर ठगी की 100 से अधिक शिकायतें मिली थीं। एक शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने माता वैष्णो देवी जाने के लिए ऑन लाइन हेलीकॉप्टर का टिकट बुक कराया था। लेकिन जम्मू पहुंचने पर उसे ठगी का पता चला। किसी ने फर्जी वेबसाइट बनाई हुई थी और वैष्णो देवी, केदारनाथ और बद्रीनाथ यात्रा के लिए टिकट बुक करने का दावा कर रहा था। पुलिस ने फौरन मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस ने वेबसाइट के अलावा उन बैंक खातों और मोबाइल नंबर की जांच की जिनके जरिये ठगी की रकम को ट्रांसफर किया गया था। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि कई फर्जी पतों पर बैंक खाते खोलकर उसमें रकम ट्रांसफर करवाई जाती है। इसके बाद उनको जल्द से जल्द या तो चेक या एटीएम कार्ड की मदद से निकाल लिया जाता है। गोरखधंधा करने वालों की पड़ताल की तो आरोपियों की लोकेश फिरोजाबाद, बिहार और पश्चिम बंगाल ली।
तत्काल एसीपी रमन लांबा, इंस्पेक्टर कुसुम, देवेंद्र और एसआई अशोक व अन्यों की टीम का गठन कर टीमों को पश्चिम बंगाल, फिरोजाबाद व बिहार भेज दिया गया। जांच के बाद पुलिस ने फिरोजाबाद से दीपक और बाकी तीन आरोपियों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से भारी मात्रा में सामान बरामद हुआ। इसमें 15 कंप्यूटर की हार्डडिस्क, दो लैपटॉप, पांच मोबाइल फोन, एक चेक बुक और एक एटीएम कार्ड व अन्य सामान बरामद हुआ। आरोपियों ने खुलासा किया है कि पिछले कुछ ही दिनों में इन लोगों ने श्रद्धालुओं से लाखों रुपये की ठगी की है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
ऐसे की जाती थी ठगी
गैंग का मास्टर माइंड दीपक ठाकुर है। आरोपी दीपक ने अपनी वेबसाइट कुछ इस प्रकार डिजाइन की हुई थी कि कोई उसे देखकर नहीं कह सकता था कि यह कोई फर्जी वेबसाइट है। यात्रा करने वालों से उनकी जानकारियां भरवाने के बाद हेलीकॉप्टर टिकट के नाम पर मोटी रकम ले ली जाती थी। इस रकम को ऑनलाइन फर्जी पतों के आधार पर खोले गए बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाता था। बाद में उनको अलग-अलग जगहों से बैंक खातों से निकाल लिया जाता था। आरोपी कब से और कितने लोगों से ठगी कर रहे हैं, इसका पता करने का प्रयास किया जा रहा है।