चाचा के एकतरफा प्रेम के चलते लगा ली फांसी!
दिल्ली में सिविल सर्विस की तैयारी कर रही एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान शिवांगनी के रूप में हुई है। वह कल्याणपुरी इलाके की रहने वाली थी।
पुलिस को मौके से तीन सुसाइड नोट मिले हैं, जिनमें दो सुसाइड नोट अधूरे बताए जा रहे हैं, जबकि एक पूरा लिखा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतका अपने परिजनों के साथ कल्याणपुरी में रहती थी और आईएएस की तैयारी कर रही थी। शनिवार शाम करीब छह बजे जब उसके परिजन घर से बाहर गए हुए थे तभी शिवांगनी ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और फांसी लगा ली।
चाचा बना रहा था शादी का दबाव
शिवांगनी के परिवार में माता-पिता के अलावा दो भाई और एक बहन हैं। छात्रा ने सुइसाइड नोट में किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। हालांकि उसके परिवार वालों का आरोप है की दूर के रिश्ते में शिवांगनी का चाचा उसे एक तरफा प्रेम के चलते परेशान करता था।
शादी के लिए दबाव भी बना रहा था। इस बात की जानकारी शिवांगनी ने अपनी बहन को भी दी थी। परेशान होकर शिवांगनी ने आत्महत्या की होगी।
उधर, पुलिस का कहना है कि छात्रा ने सुइसाइड नोट में किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। लिहाजा सीधे तौर पर किसी पर कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती।
सुइसाइड नोट
नोट में उसने लिखा है, वह जो भी कुछ कर रही है, अपनी मर्जी से कर रही है, मुझ पर किसी भी तरह का दबाव नहीं है। उसकी मौत की जांच नहीं की जाए और न ही उसके परिवार से किसी भी तरह के सवाल किए जाएं।