{"_id":"588795db4f1c1bbc7ecf513e","slug":"heavy-vehicle-will-not-be-allowed-in-faridabad","type":"story","status":"publish","title_hn":"आज दोपहर बाद भारी वाहनों का दिल्ली में नहीं होगा प्रवेश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
आज दोपहर बाद भारी वाहनों का दिल्ली में नहीं होगा प्रवेश
ब्यूरो/अमर उजाला, फरीदाबाद
Updated Wed, 25 Jan 2017 12:20 AM IST
विज्ञापन
गणतंत्र दिवस पर लाल किले पर होने वाली परेड के मद्देनजर बुधवार दोपहर बाद से दिल्ली में भारी वाहनों का प्रवेश रोक दिया जाएगा। डीसीपी यातायात पूरन चंद पंवार ने गणतंत्र दिवस के कारण दिल्ली में बंद किए गए कई मार्गों की वजह से लगने वाले जाम के मद्देनजर यह निर्णय लिया।
विज्ञापन
मंगलवार को उन्होंने मातहतों के साथ बैठक कर तय किया कि बुधवार से जगह जगह नाके लगाकर भारी वाहनों को रोका जाएगा। गणतंत्र दिवस पर लाल किले के सामने होने वाली परेड की सुरक्षा का जिम्मा एनसीआर की फरीदाबाद पुलिस पर भी है। यातायात पुलिस ने इसके लिए 100 से अधिक जवान राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह तैनात किए हैं।
विज्ञापन
यह जवान और करीब दो सौ होमगार्ड्स बुधवार से राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह जगह नाका लगाकर भारी वाहनों की आवाजाही रोकेंगे। मथुरा की तरफ से आने वाले वाहनों को पलवल से पहले रोक दिया जाएगा। पुलिस आयुक्त हनीफ कुरैशी ने पलवल और कोसी पुलिस के आला अधिकारियों से बात कर तय किया है कि उनके क्षेत्र में आने वाले वाहनों को वहीं रुकवाया जाए।
विज्ञापन
औद्योगिक नगरी के भारी वाहनों को भी इसी तरह रोक दिया जाएगा। पुलिस आयुक्त हनीफ कुरैशी ने बताया कि बुधवार दोपहर एक बजे से भारी वाहन दिल्ली में नहीं जा सकेंगे। 26 जनवरी शाम तक भारी वाहनों का दिल्ली में प्रवेश नहीं होगा। यातायात व्यवस्था न बिगड़े इसके लिए पलवल व मथुरा की यातायात पुलिस से बात करके योजना बनाई है। डीसीपी यातायात को इस संबंध में निर्देश दिए हैं।
यहां रोके जाएंगे भारी वाहन
- राष्ट्रीय राजमार्ग सेक्टर-58 मोड़ पर
- जेसीबी मोड़ पर नाका
- एनएचपीसी के पास नाका
- डीपीएस के पास