इसने दी वैशाली मेट्रो को बम से उड़ाने की धमकी
मेट्रो स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले एक आरोपी को शनिवार सुबह कनावनी अंडरपास से गिरफ्तार किया गया है। उसका एक साथी फरार है। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया युवक जिद्दी और सनकी किस्म का है जो बम की धमकी दे एनसीआर में अफरातफरी मचाकर पुलिस को परेशान करना चाहता था। थाना सेक्टर-58 पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, छह फरवरी को आरोपियों ने गाजियाबाद व दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर गाजियाबाद स्थित वैशाली मेट्रो स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। दोनों ने मोबाइल से दिल्ली के अलग-अलग 19 स्थानों पर बम रखने की सूचना दी थी।
बम की धमकी मिलने के बाद से ही पुलिस अधिकारी हरकत में आ गए थे। इस दौरान वैशाली मेट्रो स्टेशन पर बम डिस्पोजल एवं डॉग स्क्वायड की टीम सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। सूचना मिलने पर गाजियाबाद पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद से ही आरोपी को पकड़ने के लिए गाजियाबाद के अलावा नोएडा पुलिस भी जुटी थी।
इस तरह पकड़ा गया आरोपी
शनिवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कनावनी आया हुआ है। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने कनावनी अंडरपास के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान कनावनी निवासी नरेंद्र के रूप में हुई है।
वह मूलरूप से हापुड़ के बाबूगढ़ का रहने वाला है। उसकी दिल्ली के हौजखास में एसी रिपेयरिंग की दुकान है। इसका एक साथी गुल्लू अभी फरार है। गुल्लू की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने इसके पास से धमकी देने में प्रयोग किया गया मोबाइल फोन व सिम कार्ड बरामद कर लिया है। वहीं, पुलिस पूछताछ कर इसका आपराधिक रिकार्ड खंगाल रही है। पुलिस के मुताबिक नरेंद्र जिद्दी और सनकी किस्म का है।
बात-बात में उखड़ जाता है। पूछताछ में उसने बताया कि दोनों यूं ही एनसीआर में अफरातफरी मचाकर पुलिस को परेशान करना चाहते थे। दोनों आरोपियों ने एक युवक की फर्जी आईडी से दो सिमकार्ड खरीदे और अपने मोबाइल से फोन कर धमकी दी।