रांग नंबर लगाकर की दोस्ती, घर बुलाकर किया रेप
रांग नंबर मिलने पर युवती की एक युवक से दोस्ती हुई। चंद दिनों में दोस्ती इतनी गहरी हो गई कि युवती अपने दोस्त से मिलने उसके घर पहच गई। यहां दोस्त और एक साथी ने युवती के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
युवती को शादी करने का भरोसा देकर विदा कर दिया। शादी के वादे से मुकर जाने पर धोखा खाई युवती ने पुलिस से मदद मांगी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
शहर बल्लभगढ़ थाना क्षेत्र में रहने वाली दलित जाति की 18 वर्षीय पीड़िता के मुताबिक 2 जनवरी 2015 को उसके मोबाइल पर रांग नंबर से कॉल आई। उधर से बात करने वाले ने खुद का नाम मुन्ना बताया।
बातचीत के दौरान दोनों में गहरी दोस्ती हो गई। 10 जनवरी 2015 को मुन्ना ने युवती को फोन कर अपने आर्य नगर स्थित घर पर बुलाया।
दोस्त के साथ मिलकर बारी बारी से किया रेप
युवती वहां पहुंची तो मुन्ना उसे अपनी मौसी के घर ले गया। यहां उसे एक कमरे में बैठाकर मुन्ना बाहर निकल गया। थोड़ी देर बाद मुन्ना अपनी मौसी के बेटे हिमांशू को लेकर वहां पहुंचा।
युवती का आरोप है कि दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उस समय तो मुन्ना ने उससे शादी करने का वादा कर घर वापस भेज दिया। बाद में जब उसने शादी के लिए दबाव डाला तो जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।
धोखे और धमकियों से तंग आकर पीड़िता ने शहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की जांच कर रहे एसीपी बल्लभगढ़ गजेंद्र सिंह ने बताया कि मुन्ना और हिमांशू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।