हरियाणा का रण: बल्लभगढ़ में बोले मोदी- जनता ने कमल का बटन दबाया, हमने अनुच्छेद-370 हटाया
- बल्लभगढ़ के सेक्टर-61 मैदान में मोदी ने किया चुनावी जनसभा को संबोधित
- कश्मीर में अनुच्छेद-370 और सर्जिकल स्ट्राइक से मोदी साध गए मतदाता
- पीएम ने उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना की भी बात की
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने चुनावी प्रचार की शुरूआत फरीदाबाद के बल्लभगढ़ इलाके से की। सेक्टर-61 स्थित मैदान से प्रधानमंत्री ने फरीदाबाद, पलवल, गुरुग्राम और नूंह जिलों की सभी विधानसभाओं के प्रत्याशियों के लिए वोट की अपील की।
प्रधानमंत्री के साथ ही मंच पर केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, राज्यसभा सांसद डा. अनिल जैन समेत चार जिलों से 15 विधानसभाओं के प्रत्याशी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री का हेलीकाप्टर शाम 3.50 बजे जनसभा मैदान के पास ही बने हेलीपैड पर उतरा। प्रधानमंत्री का 42 मिनट 23 सेकेंड का भाषण राष्ट्रवाद और कश्मीर मुद्दे के साथ ही विकास की विभिन्न योजनाओं पर केंद्रित रहा। उन्होंने अनुच्छेद-370 और 35ए को हटाए जाने पर जनता से पूछा कि बताओ इसका श्रेय किसे जाता है।
किसने इसे हटाने की हिम्मत दिखाई। इस पर लोग मोदी-मोदी चिल्लाने लगे। तब मोदी ने मंच से कहा कि बल्लभगढ़ की जनता आज फेल हो गई। कश्मीर में अनुच्छेद-370 हटाने का पूरा श्रेय आम जनता को जाता है। जनता ने लोकसभा चुनाव के दौरान ईवीएम में कमल का ऐसा बटन दबाया कि हमने कश्मीर से अनुच्छेद -370 और 35ए को हटा दिया।
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए और कांग्रेस का नाम लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि इस मुद्दे को छेड़ने की किसी में हिम्मत नहीं थी। 130 करोड़ जनता की अंगुली के इशारे पर हमने इस व्यवस्था को बदला। प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली में बैठी इन सरकारों ने पाप किया है। अब कश्मीर में नई व्यवस्था शुरू होने पर यह विपक्षी दल घडियाली आंसू बहाकर विरोध की राजनीति को हवा दे रहे हैं। उन्होंने विपक्षी दलों को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो वह अपने चुनावी घोषणापत्रों में स्पष्ट करें कि उनकी सरकार आने पर वह मोदी के सभी फैसलों को पलट देंगे और अनुच्छेद-370 को दोबारा से लागू कर देंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पांच साल पहले जब हरियाणा में विधानसभा चुनाव शुरू हुए थे तो विपक्षी दल उनके मुंह में उंगली डालकर यह उगलवाना चाहते थे कि हरियाणा में उनका कैप्टन कौन है। इसके बाद हरियाणा में सरकार बनी और विपक्षी दल प्रदेश सरकार में भाजपा के कैप्टन मनोहर लाल खट्टर से रू-ब-रू हुए। आज हरियाणा सरकार का कैप्टन ही नहीं, बल्कि पूरी टीम मजबूत है। जबकि विपक्षी दल इन पांच साल में पूरी तरह से बिखर चुकी अपनी-अपनी टीमों को बटोरने में लगे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि हरियाणा के समुचित विकास के लिए एक बार फिर से मोदी इंजन के साथ मनोहर इंजन को धक्का लगाना होगा। दोनों इंजन साथ-साथ चलेंगे तो देश-प्रदेश दोनों का विकास होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री ने अपनी उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना की भी बात की।
किसान और जवान पर बोले मोदी
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण को पूरी तरह से किसान, सेना का जवान और नौजवान पर केंद्रित रखा। उन्होंने कहा कि सेना के जवानों को भाजपा सरकार में खुली छूट है। बालाकोट और सर्जिकल स्ट्राइक इसका जीता-जागता उदाहरण है। आतंक का जवाब हम घर में घुसकर देना जानते हैं। देश की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यही कारण है कि सेना को हमने जल, थल और वायु में मजबूत किया है।
राफेल खरीदकर हमने देश की सुरक्षा को मजबूत किया है। इसी प्रकार देश के किसानों के साथ भी भाजपा सरकार कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। बीज से लेकर बाजार तक सरकार किसानों के साथ है। पहली बार ऐसा हुआ है कि किसान सम्मान योजना का पैसा सीधे उनके बैंक खाते में पहुंचा है। वन रैंक-वन पेंशन भी भाजपा ने लागू किया। हरियाणा में ही पूर्व सैनिकों को करीब 900 करोड़ का एरियर जारी किया गया है।
हरियाणा में बंद हुआ खर्ची-पर्ची का खेल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को साधते हुए कहा कि पांच साल पहले तक हरियाणा की जनता खर्ची और पर्ची से परेशान थी। बिना खर्ची और पर्ची के यहां किसी नौजवान को सरकारी नौकरी नहीं मिलती थी। हरियाणा की मनोहर सरकार ने अपने मात्र पांच साल के कार्यकाल में इस भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म कर दिया। इसके लिए वह मनोहर लाल को बधाई भी देते हैं।