Arthritis: गठिया के मरीजों के लिए ठीक नहीं ये मौसम, अकड़न से होगी और परेशानी; जानें आराम पाने के उपाय
तापमान में लगातार गिरावट आने से गठिया, चोट के पुराने मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। रोजाना ओपीडी में 90 से 110 मरीज आ रहे हैं, जिनके घुटने, कंधे, हाथों की अंगुलियों के जोड़ में सूजन से दर्द की परेशानी है।
विस्तार
सर्दी ने आर्थराइटिस के मरीजों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तापमान गिरते ही जोड़ अकड़ने लगे हैं और हड्डियों में दर्द शुरू होने लगा है। इससे चलने फिरने में दिक्कत के साथ ही कमर दर्द, अंगुलियों के जोड़ों में सूजन परेशान कर रही है। गुरुग्राम के नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन 100 से 150 मरीज इलाज कराने पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों की ओर से उन्हें सिंकाई करने और विशेष ध्यान रखने की सलाह दी जा रही है।
गिर रहा तापमान, बढ़ रहे मरीज
तापमान में लगातार गिरावट आने से गठिया, चोट के पुराने मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। रोजाना ओपीडी में 90 से 110 मरीज आ रहे हैं, जिनके घुटने, कंधे, हाथों की अंगुलियों के जोड़ में सूजन से दर्द की परेशानी है। गठिया के पुराने मरीजों के जोड़ों में सूजन ऐसी है कि मरीज चल फिर नहीं पा रहा है। इनमें 50 साल से अधिक उम्र के मरीज अधिक हैं। ठंड के कारण हड्डियों में अकड़न से रक्तसंचार कम होने से परेशानी और बढ़ गई है। गठिया के मरीज जांच कराने के बाद बेहतर उपचार लें।
ये बरतें सावधानी
घुटनों की गर्म पानी से सिकाई करें।
गठिया मरीज जोड़ों में ज्यादा दर्द होने पर गर्म पट्टी लपेट सकते हैं।
कुर्सी पर बैठकर 10-12 मिनट पैरों को ऊपर नीचे करें।
बिस्तर पर लेटे हैं तो पैरों के नीचे तकिया लगाकर बार बार दबाएं।
बिस्तर से उठकर दो से पांच मिनट हाथ पैरों को गर्म करें।
गठिया-बुजुर्ग मरीज इन दिनों सीढि़यों पर चढ़ने से बचें।
सर्दी के कारण सभी तरह के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। हड्डी के पुराने मरीजों को इस मौसम में ज्यादा दिक्कत होती है। डॉक्टरों की ओर से उन्हें दवाई के साथ-साथ विशेष ध्यान रखने की भी सलाह दी जा रही है। -डॉ मनीष राठी, डीएमएस, जिला नागरिक अस्पताल।