गुरुग्राम। शहर के सेक्टर-50 स्थित डीरवुड निरवाना कंट्री सोसाइटी में एक व्यक्ति के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रविवार को कार पार्क करने के दौरान घटना हुई थी। शिकायतकर्ता ने सोमवार को थाना सेक्टर-50 में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि रविवार को वह बाहर से लौटकर अपनी कार पार्क कर रहा था। उसी समय राहुल और उसके साथी वहां धूम्रपान कर रहे थे। उन्होंने शिकायतकर्ता को गाड़ी से बाहर निकलने को कहा और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जब शिकायतकर्ता ने अपने भाई को बुलाया, तो आरोपियों ने उसके भाई के साथ भी मारपीट की। इस हमले में दोनों भाइयों को काफी चोटें आई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल वाही (39 वर्ष) डीरवुड निरवाना कंट्री, सेक्टर-50, देवास गुप्ता (23 वर्ष) सेक्टर-11 द्वारका, दिल्ली व हासिल आहूजा (23 वर्ष) रामनगर, दिल्ली शामिल है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह मारपीट एक गलतफहमी के कारण हुई। शिकायतकर्ता को लगा कि आरोपी उसे कुछ गलत बोल रहे हैं, जिससे कहासुनी हुई और फिर मारपीट की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि शिकायत मिलते ही सेक्टर-50 थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ कर मामले में जांच की जा रही है।