गुरुग्राम। सुशांत लोक में बाइक पर आए दो ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को उसके घर के गेेट पर ही ठग लिया। लूट का डर दिखा महिला से गहने उतरवाकर एक पुड़िया में रखवा लिए। फिर पुड़िया को एक पॉलिथीन में रखने का बहना कर खाली पॉलिथीन पकड़ाकर चले गए। ठगों के जाने के बाद महिला ने पुड़िया को चेक किया तो अपने साथ हुई ठगी का पता चला। थाना सुशांत लोक में मामला दर्ज करा ठगों को जल्द पकड़ने की गुहार लगाई है।
सुशांत लोक में मकान नंबर-812 में रहने वाली 77 वर्षीय केके कालिता ने पुलिस को बताया है कि जब शुक्रवार सुबह वह अपने घर के दरवाजे के पास बैठीं थीं, तो उसी समय वहां एक काले रंग की बाइक पर दो युवक आए। युवकों ने कहा कि आपके पड़ोस में अभी लूट हुई है, आप गहने उतारकर हमें दें तो हम उन्हें एक पुड़िया में रखकर आपको दे देंगे, इससे आपके गहने लुटने से बच जाएंगे। महिला ने एक सोने की चेन व दो अंगूठी उतारकर युवकों को दे दी तो युवकों ने उन्हें एक पुड़िया में रखा और पुड़िया को एक पॉलिथीन में रखने का नाटक करते हुए खाली पॉलिथीन महिला को पकड़ा कर चले गए। कुछ देर बाद महिला ने गहने चेक करने को पॉलिथिन को देखा तो उसमें पुड़िया नहीं थी। अपने साथ हुई ठगी का पता चलते ही पुलिस को सूचित किया। मौके पर आई पुलिस ने मामला दर्ज कर ठगों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि ठगों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं।