{"_id":"67ee4c9d4e4b19d3d405fe61","slug":"several-vehicles-burnt-in-fire-at-e-bike-showroom-due-to-short-circuit-2025-04-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"Gurugram Fire: शॉर्ट सर्किट से ई-बाइक के शोरूम में आग लगने से कई वाहन जले, दमकलकर्मियों ने पाया काबू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Gurugram Fire: शॉर्ट सर्किट से ई-बाइक के शोरूम में आग लगने से कई वाहन जले, दमकलकर्मियों ने पाया काबू
Thu, 03 Apr 2025 02:23 PM IST
विजय पुंडीर
अमर उजाला नेटवर्क, गुरुग्राम
अमर उजाला नेटवर्क, गुरुग्राम
Published by: विजय पुंडीर
Updated Thu, 03 Apr 2025 02:23 PM IST
विज्ञापन
fire demo
- फोटो : istock
गुरुग्राम के पालम विहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत अशोक विहार स्थित युवान ऑटो मोबाइल के नाम से हीरो इलेक्ट्रिक के शोरूम में गुरुवार की सुबह आग लग गई। आग ने शोरूम की इमारत के बेसमेंट वाले पूरे हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। यहां पर काफी संख्या में ई-स्कूटी और चार्जिंग बैटरी रखी थी।
विज्ञापन
आगजनी की घटना में लगभग 25 दोपहिया वाहन जलने की सूचना है। आग की लपटें उठती देख भूतल पर मौजूद शोरूम कर्मियों ने फायर विभाग को कॉल करके सूचना दी। सूचना मिलते ही पांच दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि बिजली के मीटर से शॉर्ट सर्किट होने से शोरूम में आग लगी है। बृहस्पतिवार को शोरूम खुलने से कुछ देर पहले लगभग 9.30 बजे बेसमेंट में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कुछ ही मिनट में आग ने विकराल रूप ले लिया। कर्मचारियों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। देखते ही देखते आग फैल गई। इसके बाद शोरूम में आग लगने की सूचना फायर स्टेशन पर दी गई। दमकल की गाड़ियों ने लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि शोरूम में रखी बैटरियों में धमाका नहीं हुआ, इससे बड़ा हादसा टल गया।
विज्ञापन
शोरूम के मालिक आयुष ने बताया कि उनके शोरूम के बिजली मीटर में समस्या आई हुई है। इसके बारे में बिजली निगम को ई-मेल के माध्यम से मीटर को ठीक करने या बदलने की सूचना भी दी थी। बुधवार को वे स्वयं बिजली निगम के कार्यालय में जाकर मीटर संबंधी शिकायत देकर आए हैं। उन्होंने बताया कि बिजली निगम की ओर से मीटर को ठीक करने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई और मीटर में शॉर्ट सर्किट होने से उनके शोरूम में आग लग गई। उन्होंने बताया कि आग से लगभग 25 ई-स्कूटी जल गई हैं। भीमनगर फायर स्टेशन के अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह 9.30 बजे स्कूटी के शोरूम में आग लगने की सूचना मिलने पर तुरंत दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। इसके अलावा दो गाड़ी उद्योग विहार फायर स्टेशन व एक गाड़ी सेक्टर-37 फायर स्टेशन से भेजी गई थी।
विज्ञापन
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के संबंधित क्षेत्र के एसडीओ रविंद्र पाल का कहना है कि हीरो इलेक्ट्रिक स्कूटी के शोरूम मालिक की तरफ से अभी तक कोई मेल प्राप्त नहीं हुई है। संबंधित जेई की ओर से भी मेरे संज्ञान में ऐसी कोई शिकायत नहीं भेजी गई है। इसके बारे में जानकारी ली जाएगी और जांच कराई जाएगी।