{"_id":"6a40159d37bdaa4bbc0cfa0e","slug":"passenger-created-a-ruckus-trying-to-board-a-city-bus-stopped-at-a-red-light-gurgaon-news-c-24-1-fbd1020-92781-2026-06-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"Gurugram News: रेडलाइट पर खड़ी सिटी बस में चढ़ने के लिए यात्री ने किया हंगामा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Gurugram News: रेडलाइट पर खड़ी सिटी बस में चढ़ने के लिए यात्री ने किया हंगामा
विज्ञापन
विज्ञापन
चालक ने नहीं खोला गेट, बस के आगे होकर वीडियो बनाने लगा युवक
सड़क पर लगा लंबा जाम, पुलिस के सख्त रुख अपनाने पर युवक हटा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास रेडलाइट पर खड़ी सिटी बस में चढ़ने के लिए एक युवक ने हंगामा किया। चालक ने रेडलाइट के बीच में बस का गेट खोलने से मना कर दिया जिसके बाद युवक गुरुगमन सिटी बस के आगे खड़ा हो गया व वीडियो बनाने लगा। इस हंगामे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हंगामे के कारण रोड पर जाम लग गया और अन्य वाहनों के चालकों को भी परेशानी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई।
यह वीडियो 25 जून का बताया जा रहा है। मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से एक गुरुगमन सिटी बस सवारियों को लेकर सोहना की ओर रवाना हुई। जब बस मेट्रो स्टेशन के पास ही रेडलाइट पर पहुंची तो एक यात्री दौड़ता हुआ आया और उसने चालक को बस का दरवाजा खोलने के लिए कहा। चालक ने सुरक्षा कारणों व नियमों का हवाला देते हुए दरवाजा खोलने से मना कर दिया। चालक ने बताया कि रेडलाइट व मुख्य सड़क पर दरवाजा खोलने की सख्त मनाही है। चालक ने कहा कि अधिकृत बस स्टॉप पर ही सिटी बस के गेट खोले जाएंगे। काफी देर हंगामे के बाद भी चालक ने बस का गेट नहीं खोला, तो नाराज युवक ने पुलिस हेल्पलाइन पर कॉल करके मौके पर पुलिस बुला ली।
विज्ञापन
काफी देर चले हंगामे के बाद जब दोनों पक्ष नहीं माने और रोड पर वाहनों का लंबा जाम लग गया तो पुलिसकर्मियों ने युवक को कार्रवाई की बात कहकर बस के सामने से हटवाने का प्रयास किया लेकिन युवक हटने के लिए नहीं मान रहा था। जब पुलिसकर्मियों ने सख्त रुख अपनाया तो युवक हटा जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने यातायात को सुचारु कराया।
विज्ञापन
जीएमसीबीएल के डिपो मैनेजर नरेश कुमार का कहना है कि सिटी बस के चालक-परिचालक और शिकायतकर्ता को बुलाया गया है। दोनों पक्षों की बात सुनकर ही मामले के बारे में सही पता चल सकेगा और उसी अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
