मुनव्वर फारूकी: थमने का नाम नहीं ले रहीं कॉमेडियन की मुसीबतें, गुरुग्राम में होने जा रहे फेस्टिवल से निकाले गए
यह कार्यक्रम एयरिया मॉल में 17 से 19 दिसंबर तक होना है। सुरक्षा कारणों के मद्देनजर मुनव्वर फारूकी को कार्यक्रम से बाहर करने का फैसला लिया गया है।
विस्तार
धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोपी स्टैंड-अप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। गुरुग्राम कॉमेडी फेस्टिवल के आयोजकों ने फारूकी को सार्वजनिक सुरक्षा का हवाला देते हुए कलाकारों की लिस्ट से हटा दिया है। आयोजकों ने कहा कि पिछले दो दिनों मेंं उन्हें कई कॉल आईं। जिसमें तीन दिवसीय उत्सव में फारूकी की भागीदारी का विरोध किया गया।
हम किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाना चाहते
कार्यक्रम का आयोजन करने वाली द एंटरटेनमेंट फैक्ट्री के सह-संस्थापक मुबीन तिसेकर ने कहा कि हम किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाना चाहते थे, इसलिए हमने उन्हें पैनल से हटा दिया। हमारे लिए कलाकारों और जनता की सुरक्षा प्राथमिकता है। हमें कई लोगों के फोन आए। मुबीन ने फोन करने वाले लोगों के नाम बताने से इनकार किया।
फारूकी की गतिविधियों ने हिंदू धर्म को ठेस पहुंचाई
भाजपा के आईटी विभाग के हरियाणा प्रमुख अरुण यादव ने सोमवार को फारूकी के खिलाफ इस प्रोग्राम को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप लगाया कि उन्होंने हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किया है। यादव ने शिकायत में लिखा कि समाज के विभिन्न वर्गों के बीच शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए मैं आपसे इस मामले को देखने और उन्हें रोकने का अनुरोध करता हूं। उनकी गतिविधियों ने हिंदू धर्म को ठेस पहुंचाई है।
कहा कि मैंने पहले चार दिसंबर को ट्वीट किया था, जिसमें कहा था कि उनके शो को गुरुग्राम या अन्य जगहों पर अनुमति नहीं दी जाएगी। मैंने एसीपी सोहना के पास शिकायत दर्ज कराई। एसीपी सदर ने कहा कि फारूकी के खिलाफ एक शिकायत मिली है। जिसमें गुरुग्राम में आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में उनकी भागीदारी और उनके कुछ वीडियो की ऑनलाइन सामग्री के संबंध में आपत्ति जताई गई है।