ये कैसा पागलपन: नूंह में हिंदू कारोबारी को दूसरे धर्म का समझकर कार सवार युवकों ने पीटा, वो बताता रहा अपना धर्म
पीड़ित का आरोप है कि वह केएमपी फ्लाईओवर पचगांव चौक पहुंचा तो बदमाशों ने कार आगे लगाकर रुकवा लिया। वह भागकर एक दुकान की तरफ चला गया तो थोड़ी देर बाद कुछ बदमाश आए और पीटने लगे।
विस्तार
हरियाणा के तावडू के गांव बेरी निवासी हिंदू समाज के युवक को दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुस्लिम समझकर पीटने का मामला सामने आया है। पीड़ित की ओर से बिलासपुर थाना पुलिस को अज्ञात बदमाशों के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
गांव बेरी के रहने वाले ट्रक चालक सतपाल ने बताया कि वह सूरत से अपनी गाड़ी में माल भरकर जमालपुर गुरुग्राम के लिए चला था। 6 अगस्त को बिलासपुर चौक पर पहुंचा तो गाड़ी के साथ साइड में एक कार आई, जिसमें बैठे दो युवकों ने उन्हें देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध किया तो पीछा शुरू कर दिया।
आरोप है कि केएमपी फ्लाईओवर पचगांव चौक पहुंचा तो बदमाशों ने कार आगे लगाकर रुकवा लिया। वह भागकर एक दुकान की तरफ चला गया तो थोड़ी देर बाद कुछ बदमाश आए। सतपाल का आरोप है कि मेवाती भाषा बोलने पर और मेवाती मुस्लिम समझ उनसे मारपीट की गई। इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गया, दो दांत टूट गए।
उन्होंने बार-बार गुहार लगाई कि वह हिन्दू है, लेकिन बदमाश पीटते रहे। पुलिस पीसीआर मौके पर पहुंच गई, तो बदमाश जान से मारने की धमकी देखकर फरार हो गए। घायल को बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सतपाल ने बताया कि अस्पताल में उपचार के दौरान भी फोन कर धमकी भरे अंदाज में जबरन समझौते का दबाव बनाया गया।