इटली की महिला को बनाया शिकार: गुरुग्राम के युवक ने सोशल मीडिया पर की दोस्ती, फिर भरोसा जीतकर दिया ऐसा दर्द
इटली की नागरिक ने शादी का झांसा देकर साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई। गुरुग्राम निवासी व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर रुपये ठगे। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।
विस्तार
इटली की एक नागरिक ने गुरुग्राम में शादी का झांसा देकर साइबर ठगी का शिकार होने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने इंस्टाग्राम के जरिये एसीपी साइबर गौरव फौगाट से संपर्क किया और सोमवार 28 सितंबर को इटली से गुरुग्राम आकर शिकायत दी। महिला की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना वेस्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पीड़िता ने जुलाई 2026 में इंस्टाग्राम के जरिये एसीपी साइबर क्राइम गौरव फौगाट से संपर्क किया था। उसने बताया कि एक गुरुग्राम निवासी व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर उससे दोस्ती की। उस व्यक्ति ने शादी का झांसा देकर उससे विभिन्न कारणों से रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। 28 सितंबर को पीड़िता इटली से गुरुग्राम पहुंची। महिला ने एसीपी गौरव फौगाट से मिलकर विस्तृत लिखित शिकायत प्रस्तुत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ने साइबर पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस टीम शिकायतकर्ता को नियमानुसार सहायता उपलब्ध करा रही है। मामले से संबंधित तथ्यों, लेन-देन और तकनीकी साक्ष्यों का गहनता से विश्लेषण किया जा रहा है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पुलिस की तत्परता और सराहना
गुरुग्राम पहुंची इटली की नागरिक ने साइबर पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई त्वरित सहायता की सराहना की। उसने पुलिस के संवेदनशील व्यवहार और पेशेवर कार्यशैली के लिए आभार व्यक्त किया। शिकायतकर्ता ने एसीपी गौरव फौगाट और पूरी साइबर पुलिस टीम का धन्यवाद किया। इसे लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट भी की है।
एसीपी साइबर क्राइम गौरव फौगाट ने कहा कि गुरुग्राम पुलिस देश-विदेश से मिलने वाली साइबर अपराध शिकायतों को गंभीरता से लेती है। पीड़ितों को त्वरित और आवश्यक पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है।
साइबर ठगी से बचाव के लिए अपील
गुरुग्राम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर होने वाली ऑनलाइन दोस्ती और शादी के प्रस्तावों के प्रति विशेष सावधानी बरतें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक खाते में रुपये ट्रांसफर न करें। अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। नजदीकी पुलिस थाना या साइबर अपराध पुलिस को सूचना दें।