गुरुग्राम में बड़ा हादसा: इनोवा गाड़ी ने बाइक को मारी टक्कर, देवर और भाभी की मौत; यूपी के रहने वाले थे दोनों
सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही फर्रुखनगर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। वहीं, दोनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है।
विस्तार
हरियाणा के गुरुग्राम स्थित फर्रुखनगर थाना क्षेत्र के वजीरपुर रोड पर गुरुवार की देर शाम इनोवा गाड़ी की टक्कर से बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में महिला समेत दो की मौत हो गई है। वहीं, तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
यूपी के रहने वाले थे देवर-भाभी
फर्रुखनगर क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव साथ प्रिंस होटल के पास तेज रफ्तार इनोवा गाड़ी ने एक बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर दो महिलाएं, एक छह वर्षीय बच्ची और दो पुरुष सवार थे। ये सभी उत्तर प्रदेश के खुर्जा के निवासी बताए जा रहे हैं और मोहम्मदपुर गांव में मुन्ना लाल के मकान में किराये पर रह रहे थे। मृतकों की पहचान देवी और राजकुमार के रूप में हुई है। जोकि रिश्ते में देवर-भाभी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने कब्जे में लिए वाहन
दुर्घटना में घायल हुए एक पुरुष, महिला व बच्ची को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही फर्रुखनगर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। वहीं, दोनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी विजयपाल ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। हादसे में घायलों और गाड़ी चालक के बयान दर्ज करके आगामी कार्रवाई की जाएगी।