महंगाई के नशे में अंगूर: बाजार में बिक रहा कैलिफोर्निया और अफगानिस्तान का ग्रेप्स, आसमान छू रहे भाव
अंगूर के थोक विक्रेता गुरुमत ने बताया कि बरसात में जगह जगह माल फंसने, माल खराब होने और आपूर्ति कम मिलने से अंगूर का दाम अचानक बढ़ा है।
विस्तार
फुटकर बाजार में अफगानिस्तान वाला 300 रुपये और कैलिफोर्निया का अंगूर 500 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। देशी अंगूर दिवाली के बाद आएगा, जिसका भाव शुरुआती दौर में 80 से 100 रुपये प्रति किलो तक रहने का अनुमान है। बरसात में खराब होने और सप्लाई चेन टूटने की वजह से अचानक इस फल की कमी हुई। जिससे इसके भाव आसमान पर है।
वहीं थोक और फुटकर भाव में भी बड़ा अंतर है। खांडसा थोक मंडी में अफगानिस्तान के चार किलो अंगूर की पेटी 700 रुपये और कैलिफोर्निया के सात किलो अंगूर की पेटी 1800 रुपये की है। इस तरह से थोक में इसके रेट क्रमश: 175 रुपये और 257 रुपये प्रति किलो तक है।
अंगूर के थोक विक्रेता गुरुमत ने बताया कि बरसात में जगह जगह माल फंसने, माल खराब होने और आपूर्ति कम मिलने से अंगूर का दाम अचानक बढ़ा है। फुटकर में फल के सड़ने की समस्या है, जिसकी वजह से ये और महंगा हो रहा है।
फल और सब्जी के थोक और फुटकर में बड़ा अंतर
खांड़सा थोक सब्जी और फल मंडी में नींबू 60, फूल गोभी 60 और दूसरी सब्जियां 40 रुपये प्रति किलो के भाव में हैं। वहीं फुटकर में इन्हीं के दाम लगभग दोगुने तक वसूले जा रहे हैं। फुटकर में नींबू 150 से 200 और गोभी 100 और दूसरी सब्जियां 60 से 80 रुपये प्रति किलो के भाव में हैं। आढ़ती गिरधारी लाल ने बताया कि थोक की तुलना में फुटकर ज्यादा मुनाफा वसूली हो रही है।